Shimla: रामपुर में HRTC बस दुर्घटनाग्रस्त, 2 की मौत, कई घायल

punjabkesari.in Wednesday, Jul 15, 2026 - 09:48 PM (IST)

रामपुर बुशहर (संतोष): रामपुर उपमंडल में बुधवार देर शाम हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) की बस (नंबर एचपी 06ए-6454) रामपुर-खड़ाहण-कोटाधार-खोलीघाट मार्ग पर गरटोला के समीप अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसा शाम करीब 6.30 बजे हुआ। बस में लगभग 22 यात्री सवार थे। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार दुर्घटना में बस के परिचालक जय प्रकाश नेगी निवासी गांव घड़ोली, डाकघर खुनी, तहसील ननखड़ी और 72 वर्षीय डाकू राम पुत्र कालू राम निवासी गांव शाहदू, तहसील ननखड़ी की मौके पर ही मृत्यु हो गई वहीं कई यात्री गंभीर व कुछ हल्के रूप से घायल बताए जा रहे हैं।

घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए महात्मा गांधी सेवा चिकित्सा परिसर खनेरी (रामपुर) में भर्ती करवाया गया है, जहां चिकित्सक टीम उनकी देखरेख कर रही है और आवश्यक चिकित्सा सेवाएं दी जा रही हैं। डीसी शिमला अनुपम कश्यप ने हादसे पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों को संवेदना प्रकट की। उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन ने राहत नियमों के तहत स्थानीय मृतक के परिजनों को तत्काल 20,000 रुपए की फौरी राहत जारी कर दी है और अन्य मृतक की पुष्टि होते ही फौरन सहायता प्रदान की जाएगी। प्रशासन की राहत व बचाव टीम घटनास्थल पर सक्रिय है। एसडीएम रामपुर हर्ष अमरेंद्र नेगी अस्पताल में मौजूद रहकर उपचार एवं राहत कार्यों की निगरानी कर रहे हैं, ताकि घायलों को समय पर हरसंभव सहायता मिल सके। जिला प्रशासन ने प्रभावित परिवारों और घायलों को हरसंभव मदद देने का आश्वासन दिया है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Kuldeep

Related News