शिमला के नेरवा में भीषण अग्निकांड, 2 आशियाने जलकर राख; गरीब परिवारों पर टूटा दुखों का पहाड़

punjabkesari.in Tuesday, Jul 14, 2026 - 04:28 PM (IST)

शिमला (ब्यूरो): शिमला जिले के चौपाल उपमंडल के तहत आते नेरवा क्षेत्र में एक भीषण अग्निकांड सामने आया है। यहां ग्राम पंचायत घनत के कुम्हारला गांव में शॉर्ट सर्किट के कारण भड़की आग ने 2 मकानों को पूरी तरह से जलाकर राख कर दिया। गनीमत यह रही कि जिस समय यह आग लगी, घरों के अंदर कोई मौजूद नहीं था, जिससे एक बड़ा जानी नुक्सान टल गया।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार इस भीषण अग्निकांड में प्रीतम सिंह और भगत राम के मकान पूरी तरह से नष्ट हो गए हैं। आग की लपटें इतनी भयानक थीं कि घर के अंदर रखा सारा कीमती सामान जल गया। इस हादसे में भगत राम की 65 हजार रुपए की नकदी और मशीनें आग की भेंट चढ़ गईं। वहीं, प्रीतम सिंह के घर में रखे 45 हजार रुपए नकद और जेवरात भी नहीं बच पाए। बता दें कि ये दोनों ही परिवार गरीबी रेखा से नीचे (बीपएल) जीवन यापन करते हैं और दिहाड़ी-मजदूरी कर अपना गुजारा चलाते हैं। ऐसे में बरसात के इस मौसम में सिर से छत छिन जाने के कारण इन दोनों गरीब परिवारों के सामने बेघर होने का बड़ा और गंभीर संकट खड़ा हो गया है।

घटना की सूचना मिलते ही नेरवा के तहसीलदार के निर्देशों पर प्रशासन की एक टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर राहत कार्य शुरू किया। फौरी राहत के तौर पर प्रशासन की ओर से दोनों प्रभावित परिवारों को 10 कंबल, दो तिरपाल और 5-5 हजार रुपए की नकद सहायता प्रदान की गई है। वही इस नुक्सान के बाद पीड़ितों ने प्रदेश सरकार और जिला प्रशासन से गुहार लगाई है कि उन्हें जल्द से जल्द उचित आर्थिक सहायता प्रदान की जाए, ताकि वे दोबारा अपने मकान बना सकें।

हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News