राजेंद्र राणा ने अपनी जनसभाओं में भाजपा से किए तीखे सवाल

punjabkesari.in Friday, Dec 10, 2021 - 05:27 PM (IST)

चंडीगढ़ : चंडीगढ़ नगर निगम चुनाव में कांग्रेस आलाकमान द्वारा कोऑर्डिनेटर लगाए गए सुजानपुर के विधायक व हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष राजेंद्र राणा ने आज सेक्टर 30 के वार्ड नम्बर 18 और वार्ड नंबर 1 एक के खुड्डा लाहौरा में कांग्रेस प्रत्याशियों के समर्थन में जनसभाओं को संबोधित करते हुए भाजपा पर जमकर हमले बोले और विभिन्न मुद्दों पर भाजपा को कटघरे में खड़ा करते हुए तीखे सवाल किए। राजेंद्र राणा ने भाजपा से जानना चाहा कि पिछले 6 साल से चंडीगढ़ नगर निगम में सत्ता पर काबिज होने और केंद्र में आपकी पार्टी की सरकार होने के बावजूद चंडीगढ़ के गौरव को नुकसान किसने पहुंचाया। भाजपा नेता इधर-उधर की बात करने के बजाए सीधा जनता  को जवाब दें कि हमेशा स्वच्छता की रैंकिंग में देश में पहले तीन स्थानों पर रहने वाला चंडीगढ़ भाजपा शासन के दौरान राष्ट्रीय रैंकिंग में खिसक कर 66वें स्थान पर कैसे पहुंच गया ? इसके लिए कौन जिम्मेदार है ? पिछले 6 सालों के दौरान चंडीगढ़ नगर निगम क्षेत्र में पानी और सीवरेज के बिल 3 गुना करने का कारनामा किसने किया ? केंद्र में भाजपा की सरकार होने के बावजूद चंडीगढ़ का बजट बढ़ने के बजाय कम किस लिए हुआ ? चंडीगढ़ की सड़कों और पार्कों की खस्ताहाल के लिए जिम्मेदार कौन है और भाजपा नगर निगम में अपने शासन के दौरान चंडीगढ़ के गौरव के लिए क्या करती रही ?  

राजेंद्र राणा ने कहा कि चंडीगढ़ की जनता यह जानना चाहती है कि बिजली विभाग के प्राइवेटाइजेशन की हिमायत भाजपा क्यों कर रही है जबकि बिजली विभाग घाटे की बजाय फायदे में चल रहा है। बिजली विभाग की करोड़ों की संपत्ति को प्राइवेट हाथों में देने के पीछे भाजपा की मंशा क्या है ? राजेंद्र राणा ने कहा कि इतिहास में इतनी महंगाई कभी नहीं हुई जितनी देश में भाजपा शासन ने की है और चंडीगढ़ की जनता जब महंगाई के मुद्दे पर भाजपा से सवाल कर रही है तो भाजपा नेताओं के होठ किस लिए सिले हुए हैं ?  राजेन्द्र राणा ने कहा कि जनता भाजपा से यह भी पूछना चाहती है कि 1 साल तक आपकी सरकार ने देश के अन्नदाता को इतना जलील क्यों किया कि कड़कती ठंड, भीषण गर्मी और बरसातों के मौसम में देश का किसान सड़कों पर बैठकर अनशन करने के लिए मजबूर रहा और भाजपा के लोग इन किसानों को कभी आतंकवादी, कभी खालिस्तानी तो कभी राष्ट्रद्रोही कहते रहे। राणा ने कहा कि सवालों की फेहरिस्त लंबी है परंतु भाजपा के नेता जनता को सवालों का जवाब देने की बजाय हर सवाल से अपना पीछा छुड़ाने में लगे हैं। राजेंद्र राणा ने कहा कि चंडीगढ़ की जनता अपना मन बना चुकी है और अब इस नगर निगम से भाजपा की विदाई तय हो चुकी है।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

prashant sharma

Recommended News

Related News