आपदा में राजनीति की बजाय केंद्र से आर्थिक मदद लाएं जयराम : विक्रमादित्य सिंह

punjabkesari.in Friday, Jul 28, 2023 - 11:53 PM (IST)

शिमला (कुलदीप): लोक निर्माण तथा युवा सेवाएं एवं खेल मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि जयराम ठाकुर को लोभ और राजनीतिक लालच छोड़ देना चाहिए। उन्होंने कहा कि ऑप्रेशन लोटस कभी सफल नहीं होगा तथा मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह के नेतृत्व में कांग्रेस सरकार 5 वर्ष चलेगी। विक्रमादित्य सिंह यहां पत्रकारों से अनौपचारिक बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि आपदा के कारण प्रदेश की स्थिति ठीक नहीं है, ऐसे में उनको राजनीति नहीं करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि आपदा की इस घड़ी में जितनी जिम्मेदारी सरकार की है, उतनी ही विपक्ष की भी है। उन्होंने कहा कि वह केंद्र में जाकर प्रदेश के लिए आर्थिक मदद लेकर आएं। 

हिमाचल आएंगे गडकरी, मंडी-कुल्लू का करेंगे दौरा
विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी हिमाचल आ रहे हैं। केंद्रीय मंत्री के इस दौरे को देखते हुए मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह 31 जुलाई को लोक निर्माण विभाग और एनएचएआई के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक करेंगे। केंद्रीय मंत्री के 4 अगस्त को प्रदेश के दौरे पर आने की संभावना है। लोक निर्माण मंत्री ने कहा कि केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी दलगत राजनीति से ऊपर उठकर सहयोग करते हैं। उन्होंने कहा कि केंद्रीय मंत्री ने भारत सेतु योजना के तहत 300 करोड़ रुपए का बजट जारी किया है, जिससे पुलों की मुरम्मत की जाएगी।

अफसरशाही से जुड़ा विषय सुलझा
विक्रमादित्य सिंह ने अफसरशाही से जुड़े विषय को लेकर पूछे गए प्रश्न के उत्तर में कहा कि उन्होंने अफसरों से जुड़े जिस विषय को उठाया था, वह हल हो चुका है। उनकी इस विषय को लेकर मुख्यमंत्री से बात हो चुकी है।

हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News