Kangra: मनरेगा का नाम बदलने के विरोध में कांग्रेस का हल्ला बोल, सुलह में संजय चौहान की अगुवाई में हुआ जोरदार प्रदर्शन
punjabkesari.in Tuesday, Jan 27, 2026 - 04:11 PM (IST)
सुलह: केंद्र सरकार द्वारा महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी अधिनियम (मनरेगा) का नाम बदले जाने के निर्णय के खिलाफ आज तहसील मुख्यालय सुलह में विरोध प्रदर्शन हुआ। इस प्रदर्शन का नेतृत्व सुलह कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष एवं हिमाचल प्रदेश ग्रामीण एवं कृषि बैंक के चेयरमैन संजय चौहान ने किया। उनके साथ सुलह विधानसभा के समन्वयक पुनीत मल्ली भी मुख्य रूप से उपस्थित रहे। प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और स्थानीय ग्रामीण एकत्रित हुए। कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और एक रैली के रूप में तहसील मुख्यालय पहुंचे।

मजदूरों के अधिकारों पर हमला है मनरेगा का नाम बदलना: संजय चौहान
जनसभा को संबोधित करते हुए संजय चौहान ने केंद्र सरकार पर तीखा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि मनरेगा केवल एक योजना नहीं, बल्कि गरीब, किसान और मजदूर वर्ग के लिए सम्मानजनक रोजगार की गारंटी है। इसका नाम बदलना केवल एक प्रशासनिक बदलाव नहीं, बल्कि मजदूरों की पहचान और उनके अधिकारों पर सीधा हमला है। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या नाम बदलने से मजदूरों की दिहाड़ी बढ़ेगी? चौहान ने स्पष्ट किया कि कांग्रेस पार्टी मनरेगा के मूल स्वरूप और इसके नाम के साथ किसी भी प्रकार की छेड़छाड़ बर्दाश्त नहीं करेगी।
केंद्र सरकार की 'उलझाओ और थकाओ' नीति : संजय सैनी
जिला इंटक अध्यक्ष संजय सैनी ने कहा कि मनरेगा ने ग्रामीण अर्थव्यवस्था की रीढ़ के रूप में काम किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार असली मुद्दों से ध्यान भटकाने के लिए ऐसी साजिशें रच रही है। सैनी ने कहा कि सरकार का एक ही मंत्र रह गया है गरीब को उलझाओ और मजदूर को थकाओ। मनरेगा गरीबों की जीवन रेखा है और इस पर हमला जनविरोधी है।

फैसला वापस नहीं लिया ताे आंदोलन हाेगा तेज
विधानसभा समन्वयक पुनीत मल्ली ने अपने संबोधन में कहा कि यह योजना मजदूरों की सबसे बड़ी सामाजिक सुरक्षा है। नाम बदलना उनकी भावनाओं से खिलवाड़ है जिसे हिमाचल की जनता कभी स्वीकार नहीं करेगी। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि केंद्र सरकार ने अपना फैसला वापस नहीं लिया, तो इस आंदोलन को पूरे प्रदेश में उग्र रूप दिया जाएगा।
मुख्यमंत्री का जताया आभार, विकास का दिया आश्वासन
इसी मंच से संजय चौहान ने प्रदेश के मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू का आभार व्यक्त किया। उन्होंने सुलह क्षेत्र के विकास के लिए मुख्यमंत्री द्वारा की गई घोषणाओं का जिक्र करते हुए जनता को आश्वासन दिया कि इन सभी योजनाओं को जल्द ही धरातल पर उतारकर अमली जामा पहनाया जाएगा। प्रदर्शनकारियों ने केंद्र सरकार को अल्टीमेटम देते हुए मांग की कि मनरेगा का नाम यथावत रखा जाए अन्यथा आने वाले समय में राज्यव्यापी आंदोलन छेड़ा जाएगा।

