Kangra: परीक्षाओं के लिए बोर्ड सख्त, पोर्टल पर ''लाइव'' हुई स्टाफ की ड्यूटी लिस्ट

punjabkesari.in Saturday, Feb 28, 2026 - 07:15 PM (IST)

धर्मशाला (सुनील): हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड की आगामी परीक्षाओं को पारदर्शी और निष्पक्ष बनाने के लिए नई गाइडलाइन जारी कर दी गई है। बोर्ड ने केंद्र अधीक्षकों की ड्यूटी लिस्ट ऑनलाइन पोर्टल पर लाइव करने के साथ-साथ परीक्षा सामग्री की सख्त जांच के आदेश दिए हैं। किसी भी स्तर पर लापरवाही पाए जाने पर सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड ने आगामी बोर्ड परीक्षाओं को पूरी तरह पारदर्शी, निष्पक्ष और गोपनीय बनाने के लिए कमर कस ली है। बोर्ड अध्यक्ष डॉ. राजेश शर्मा ने शनिवार को परीक्षा व्यवस्थाओं को लेकर सख्त दिशा-निर्देश जारी किए।

उन्होंने घोषणा की है कि परीक्षा केंद्र अधीक्षकों और उप-केंद्र अधीक्षकों की ड्यूटी लिस्ट संबंधित विद्यालयों के लॉगिन पोर्टल पर 'लाइव' कर दी गई है। साथ ही सभी केंद्र अधीक्षकों को निर्देश दिए गए हैं कि परीक्षा शुरू होने से ठीक एक दिन पहले केंद्र समन्वयक की मौजूदगी में परीक्षा सामग्री और अधीक्षक पैकेट की गहनता से जांच करें। उन्होंने हिदायत दी है कि बोर्ड द्वारा जारी निर्देशों का कड़ाई से पालन किया जाए अन्यथा किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।

त्रुटि मिलने पर तुरंत सूचित करने के आदेश
डॉ. शर्मा ने कहा कि यदि सामग्री की जांच के दौरान किसी भी प्रकार की कमी या तकनीकी त्रुटि पाई जाती है, तो इसकी सूचना तत्काल बोर्ड कार्यालय को दी जाए। समय रहते सूचना देने से आवश्यक सुधार किए जा सकेंगे ताकि परीक्षा प्रक्रिया बिना किसी बाधा के सुचारू रूप से संचालित हो सके।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Kuldeep

Related News