कुल्लू पुलिस ने मंडी से दबोचा उद्घोषित अपराधी, जानें किस मामले में था फरार

punjabkesari.in Thursday, Apr 02, 2026 - 07:46 PM (IST)

कुल्लू (संजीव): कुल्लू जिला पुलिस के पीओ सैल को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस की विशेष टीम ने पिछले काफी समय से फरार चल रहे एक उद्घोषित अपराधी को मंडी जिले के बग्गी क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी लंबे समय से पुलिस की आंखों में धूल झोंक रहा था।

गिरफ्तार किए गए आरोपी की पहचान 45 वर्षीय कृष्ण चंद पुत्र बालक के रूप में हुई है जोकि  मंडी जिले की बल्ह तहसील के अंतर्गत आने वाले गांव व डाकघर बग्गी का स्थायी निवासी है। पीओ सैल कुल्लू की टीम को आरोपी के छिपे होने की सटीक गुप्त सूचना मिली थी। इसी सूचना के आधार पर पुलिस ने जाल बिछाया और आरोपी को राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बग्गी (मंडी) के पास से धर दबोचा।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार उक्त व्यक्ति कुल्लू के सदर पुलिस थाने में दर्ज धारा 138 एनआई एक्ट (चैक बाऊंस) के तहत शिकायत नंबर 63/23 में वांछित था। मामला अदालत में विचाराधीन था, लेकिन आरोपी लगातार अदालत की पेशियों से अनुपस्थित रह रहा था। न्यायिक प्रक्रिया का पालन न करने और बार-बार पेशियों से नदारद रहने के कारण, माननीय न्यायालय आनी ने कड़ा रुख अपनाते हुए आरोपी को 28 नवम्बर को उद्घोषित अपराधी  घोषित कर दिया था। भगोड़ा घोषित होने के बाद से ही कुल्लू पुलिस की टीम सरगर्मी से उसकी तलाश में जुटी हुई थी।

कुल्लू के पुलिस अधीक्षक ने इस गिरफ्तारी और मामले की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि उद्घोषित अपराधी को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है और अब उसके विरुद्ध आगामी वैधानिक (कानूनी) कार्रवाई अमल में लाई जा रही है। जल्द ही उसे न्यायालय के समक्ष पेश किया जाएगा।

हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News