Chamba: स्कूली बच्चों की सुरक्षा को लेकर पुलिस सख्त, बिना दस्तावेजों के दौड़ रही निजी स्कूल बस जब्त
punjabkesari.in Tuesday, May 05, 2026 - 06:07 PM (IST)
बनीखेत (पार्थ): जिला चम्बा के डल्हौजी पुलिस थाना अंतर्गत स्कूली बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए पुलिस ने सख्त कदम उठाए हैं। नशे के खिलाफ जारी अभियान और ड्रिंक एंड ड्राइव के साथ-साथ वाहनों के दस्तावेजों की जांच के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत डीएसपी मयंक शर्मा के नेतृत्व में ट्रैफिक पुलिस ने बनीखेत क्षेत्र में निजी स्कूल वाहनों की सघन जांच की।
पुलिस का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना था कि बच्चों को स्कूल लाने-ले जाने वाले वाहन पूरी तरह सुरक्षित और नियमों के अनुरूप हों। इस दौरान पुलिस टीम ने स्कूल बस चालकों के रजिस्ट्रेशन, इंश्योरेंस, फिटनेस सर्टिफिकेट और ड्राइविंग लाइसेंस सहित सभी जरूरी दस्तावेजों की बारीकी से जांच की।
जांच अभियान के दौरान पुलिस को एक निजी स्कूल बस में खामियां मिलीं। आवश्यक दस्तावेज न पाए जाने पर पुलिस ने मौके पर ही उस वाहन को कब्जे में ले लिया। डीएसपी मयंक शर्मा ने स्कूल वाहन चालकों को चेतावनी देते हुए कहा कि बिना वैध दस्तावेजों के वाहन चलाना न केवल कानूनन अपराध है, बल्कि इससे बच्चों की जान को भी गंभीर खतरा हो सकता है।
डीएसपी मयंक शर्मा ने स्पष्ट किया कि डल्हौजी और बनीखेत क्षेत्र में इस तरह की नियमित और औचक जांच भविष्य में भी जारी रहेगी। उन्होंने अभिभावकों से भी अपील की है कि वे अपने बच्चों की सुरक्षा के प्रति सतर्क रहें और यह सुनिश्चित करें कि उनके बच्चे केवल वैध दस्तावेजों वाले सुरक्षित वाहनों में ही स्कूल जाएं। पुलिस ने चेतावनी दी है कि नियमों का उल्लंघन करने वाले किसी भी स्कूल वाहन संचालक के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

