तबादलों की आड़ में लिए जा रहे राजनीतिक बदले: अग्निहोत्री

punjabkesari.in Tuesday, May 01, 2018 - 11:24 AM (IST)

ऊना (सुरेन्द्र): कांग्रेस विधायक दल के नेता मुकेश अग्निहोत्री ने दिल्ली में कांग्रेस की जन आक्रोश रैली को सफल करार देते हुए कहा कि राहुल गांधी ने कार्यकर्ताओं में नया जोश भरा है। इस रैली से मोदी सरकार की नींव हिलेगी। केंद्र की मोदी सरकार वायदों को पूरा करने में फेल हुई है और 2019 के लोस चुनावों में जनता अच्छे दिनों का सपना दिखाने वालों को सबक सिखाएगी। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनावों का जनता इंतजार कर रही है ताकि भाजपा को सत्ता से बेदखल किया जा सके। अग्निहोत्री ने कहा कि जहां एक तरफ केंद्र की मोदी सरकार बुरी तरह से विफल हुई है उसी प्रकार प्रदेश की भाजपा सरकार भी लोगों की उम्मीदों पर खरी नहीं उतर पा रही है। 


उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री कुछ लोगों की घेराबंदी में हैं। उनमें राजनीतिक इच्छाशक्ति की कमी है। कथनी और करनी में भी अंतर दिखाई देता है। घोषित चेहरे के बावजूद हालात के अनुसार बने जयराम को अपनी बेहतर कार्यप्रणाली का प्रदर्शन करना चाहिए। तबादलों से कर्मचारियों का उत्पीड़न किया जा रहा है। यहां तक कि राजनीतिक तौर पर प्रताड़ित करने के लिए बीमार कर्मचारियों के भी तबादले किए जा रहे हैं। हाल ही में एक पुलिस कर्मी की इसलिए मौत हो गई क्योंकि बीमारी की हालत में उसका तबादला कर दिया गया था। उन्होंने कहा कि जयराम सरकार कांग्रेस की नहीं तो कम से कम तबादलों के मामले में शांता कुमार के दर्द को ही सुन ले। सी.एल.पी. नेता ने कहा कि तबादलों व राजनीतिक उत्पीड़न को लेकर सरकार कटघरे में खड़ी है। शांता कुमार ने भी इस दर्द को बयां किया है।


उन्होंने कहा कि तबादलों की आड़ में राजनीतिक बदले लिए जा रहे हैं। हालांकि तबादलों से किसी को कोई आपत्ति नहीं लेकिन ये तबादले केवल प्रतिशोध की भावना से किए जा रहे हैं। ऐसे कर्मचारियों को बदला जा रहा है जो बीमार हैं और सही हालत में नहीं हैं। कर्मचारियों व अधिकारियों की स्थिति व मजबूरी को समझे बिना ही तबादले किए जा रहे हैं। प्रदेश के मंत्री भी तबादलों व समायोजनों पर कार्यकर्ताओं को नसीहत देने लगे हैं। भाजपा की बैठकों में भी कार्यकर्ताओं को तबादलों से दूर रहने की सलाह दी जा रही है। ऐसे में कांग्रेस के आरोपों की पुष्टि हो रही है कि 4 महीने में सरकार का काम सिर्फ तबादलों पर केन्द्रित रहा है। भाजपा में तबादले ही विद्रोह और बगावत का कारण बनते जा रहे हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री को नसीहत दी कि वह तबादलों व बदला-बदली से बाहर आकर विकास के लिए कार्य करें। विपक्ष सहयोग देने के लिए पूरी तरह तैयार है लेकिन सरकार की नीयत भी ईमानदारी की होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि पूर्व कांग्रेस सरकार को कोसने की बजाय मौजूदा सरकार को जनहित के कार्य करने चाहिए।

 


 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Ekta

Recommended News

Related News