Kangra: शिकायत की जांच करने गई पुलिस टीम से उलझना पड़ा महंगा, 3 आरोपी गिरफ्तार

punjabkesari.in Tuesday, Sep 01, 2026 - 12:20 PM (IST)

हरिपुर (गगन): कांगड़ा जिला के तहत हरिपुर के भटोली फकोरियां इलाके में घरेलू हिंसा की शिकायत की जांच करने गई पुलिस टीम के साथ बहसबाजी करने और सरकारी कार्य में बाधा डालने का मामला सामने आया है। पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, फतेहपुर निवासी एक महिला ने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई थी कि उसकी बेटी की शादी भटोली फकोरियां निवासी दीपक से हुई है। आरोप था कि दीपक अपनी पत्नी के साथ आए दिन मारपीट और घरेलू हिंसा करता है। शिकायत पर संज्ञान लेते हुए पुलिस की एक टीम स्थानीय पंचायत प्रतिनिधियों के साथ देर रात मामले की जांच के लिए मौके पर पहुंची थी।

जांच के दौरान आरोपी दीपक और उसके दो साथियों सुरिंद्र उर्फ छिंदा और पवन कुमार उर्फ पन्ना ने पुलिस कर्मचारियों के साथ तीखी बहसबाजी शुरू कर दी और ड्यूटी में बाधा डाली। स्थिति को बिगड़ता देख पुलिस ने सुरिंद्र और पवन को मौके से ही हिरासत में ले लिया। इस बीच, मुख्य आरोपी दीपक अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया। हालांकि, पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए उसे भी गांव के आसपास से गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपियों (सुरिंद्र और पवन) के साथ-साथ घरेलू हिंसा की शिकार पीड़िता का भी मेडिकल करवाया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार मुख्य आरोपी दीपक के खिलाफ घरेलू हिंसा अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। इसके अलावा, तीनों आरोपियों के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा डालने, पुलिस से उलझने और शांति भंग करने सहित अन्य संबंधित धाराओं के तहत कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।

 

हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News