Bilaspur: पुलिस ने दिल्ली से दबोचा उद्घोषित अपराधी, 6 साल पहले ये अपराध कर हुआ था फरार
punjabkesari.in Wednesday, Aug 26, 2026 - 04:38 PM (IST)
बिलासपुर (बंशीधर): बिलासपुर जिला पुलिस ने वांछित एवं घोषित अपराधियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल की है। नशे के काले कारोबार में शामिल और अदालत की आंखों में धूल झोंक रहे एक उद्घोषित अपराधी को बिलासपुर पुलिस ने दिल्ली से दबोच लिया है। आरोपी पिछले करीब 6 साल से पुलिस और कानून को चकमा दे रहा था।
जानकारी के अनुसार उत्तर प्रदेश के मैनपुरी जिले (किशनी, हरी सिंहपुर) के रहने वाले 33 वर्षीय अर्जुन गिरी के खिलाफ 28 अक्तूबर, 2020 को बिलासपुर के बरमाणा थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज हुआ था। पुलिस ने जांच पूरी कर अदालत में चालान भी पेश कर दिया था, लेकिन शातिर अर्जुन गिरी ने अदालत के चक्कर काटने के बजाय भागने का रास्ता चुना। अदालत ने आरोपी को पेश होने के लिए कई बार सम्मन भेजे, लेकिन वह नहीं आया। लगातार गैर-हाजिर रहने पर कोर्ट ने सख्त रुख अपनाते हुए उसे उद्घोषित अपराधी करार दे दिया था।
इसके बाद से बरमाणा पुलिस ने आरोपी की तलाश कर रही थी। आखिरकार पुलिस को भनक लगी कि आरोपी अर्जुन गिरी दिल्ली के दल्लूपुरा इलाके में छिपकर रह रहा है। पुलिस टीम ने बिना देरी किए दिल्ली में दबिश दी और उसे धर दबोचा। पुलिस आरोपी को गिरफ्तार कर वापस बरमाणा थाना ले आई है, जहां उसके खिलाफ आगामी कानूनी कार्रवाई की जा रही है। एसपी बिलासपुर अभिषेक धीमान ने पुष्टि करते हुए बताया कि नशा तस्करों और कोर्ट से भगोड़े अपराधियों के खिलाफ पुलिस का यह अभियान लगातार जारी रहेगा। जो भी कानून से भागेगा, पुलिस उसे पाताल से भी ढूंढ निकालेगी।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें

