Mandi News: क्लीनिक में घुसकर तोड़ा गल्ला...फिर हजारों का कैश ले उड़े चोर, पुलिस ने 24 घंटे में दबोचे 3 शातिर

punjabkesari.in Wednesday, Jun 17, 2026 - 04:25 PM (IST)

मंडी (रजनीश): हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में पुलिस ने गजब की मुस्तैदी दिखाते हुए चोरी की एक बड़ी वारदात का 24 घंटे के भीतर पर्दाफाश कर दिया है। जोगिंद्रनगर थाना और घट्टा (चौंतड़ा) पुलिस चौकी की संयुक्त टीम ने ऐहजू स्थित एक निजी क्लीनिक का गल्ला तोड़कर नकदी उड़ाने वाले 3 शातिर चोरों को धर दबोचा है।

जानकारी के अनुसार पपरोला के रहने वाले डॉ. राकेश कुमार शर्मा का ऐहजू में एक निजी क्लीनिक है। उन्होंने पुलिस को दी गई शिकायत में बताया था कि अज्ञात शातिरों ने उनके क्लीनिक का गल्ला तोड़कर वहां से करीब 60 से 70 हजार रुपए की नकदी चुरा ली है। शिकायत मिलते ही जोगिंद्रनगर पुलिस ने तुरंत भारतीय न्याय संहिता की धारा 305 के तहत एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की। पुलिस टीम ने सुराग खंगाले, कड़ियों को जोड़ा और महज 24 घंटे के भीतर वारदात को अंजाम देने वाले 3 आरोपियों को धर दबोचा।

आरोपियों की पहचान राहुल उर्फ भीमा, अविनाश उर्फ अव्वू और आदित्य के रूप में गई है। जांच के दौरान पुलिस ने पकड़े गए आरोपियों के खिलाफ शिकंजा कसते हुए मामले में बीएनएस की धारा 331(3) और 3(5) भी जोड़ दी है। चोरी की गई 60-70 हजार रुपए की नकदी बरामद करने और आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के लिए पुलिस तीनों आरोपियों को कोर्ट में पेश कर रही है, ताकि उनका रिमांड हासिल कर गहन पूछताछ की जा सके। मंडी जिले के पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने इस त्वरित कार्रवाई की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि पुलिस टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए तीनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया लिया है और अब मामले की गहन छानबीन के साथ आगामी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।

हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News