Sirmaur: नाहन के चौगान मैदान में PM मोदी की जनसभा, प्रदेश कांग्रेस और इंडी गठबंधन पर साधा निशाना

punjabkesari.in Friday, May 24, 2024 - 12:18 PM (IST)

नाहन (आशु): प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सिरमौर जिला के नाहन के ऐतिहासिक चौगान मैदान में जनसभा को संबोधित किया। मोदी हिमाचली टोपी पहनकर मंच पर पहुंचे और पहाड़ी भाषा से अपने भाषण की शुरूआत की। उन्होंने कहा कि यहां आकर ऐसा लगा कि जैसे अपने घर आया हूं। इस दौरान उन्होंने भाजपा नेत्री श्यामा शर्मा को भी याद किया, साथ ही देश को मजबूत बनाने के लिए जनता का आशीर्वाद भी मांगा। मोदी ने कहा कि इस बार देश में एनडीए की सरकार बनेगी और हिमाचल में जीत की हैट्रिक लगेगी। मोदी ने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि कांग्रेस के दौर में कमजोर सरकार हुआ करती थी, पाकिस्तान सिर पर नाचता था लेकिन अब भारत अपनी लड़ाई खुद लड़ता है और घर में घुस कर मारता है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को भारत माता को जय कहने में दिक्कत है। 

मोदी ने सुक्खू सरकार को निशाने पर लेते हुए कहा कि पहली कैबिनेट में गारंटी पूरी करने को कहा था लेकिन गारंटी तो दूर कैबिनेट ही टूट-फूट गई। महिलाओं को 1500 रुपए प्रतिमाह देने की बात कही थी, लेकिन अभी तक दिए नहीं। इसी तरह न तो किसानों से गोबर खरीदा और न हीं दूध खरीद पाए। मोदी ने प्रदेश की कांग्रेस सरकार को तालाबाज सरकार बताया। उन्होंने कहा कि जिन लोगों ने नौकरी देने वाले संस्थान ही बंद कर दिए वे एक लाख लोगों नौकरी कहां से देंगे। मोदी ने कहा कि कांग्रेस और इनके साथियों में घोर सांप्रदायिकवादी, जातिवादी और परिवारवाद ये तीन चीजें कॉमन हैं। 

मोदी ने कहा की कांग्रेस ने हमारे गिरिपार के हाटी समुदाय को भी आरक्षण नहीं दिया था। ये सारे काम मोदी ने आपका कर्ज उतारने के लिए किए हैं। इसके कारण आज हमारे समाज के लोगों को अलग-अलग स्थान पर अवसर मिल रहा है। इंडी गठबंधन की साजिश का ताजा उदाहरण पश्चिम बंगाल में सामने आया है। 2 दिन पहले ही वहां कोलकाता उच्च न्यायालय ने कई मुस्लिम जातियों के आरक्षण को खत्म कर दिया। मुसलमानों की कई जातियों को इंडी गठबंधन वालों ने ओबीसी बना दिया था और ओबीसी का हक उनको दे दिया था। ऐसा करके इंडी गठबंधन ने ओबीसी के हक पर डाका डाला और संविधान की धज्जियां उड़ा दी। अब कोलकाता हाईकोर्ट के फैसले के बाद इंडी गठबंधन वाले बौखलाए हुए हैं। बंगाल की मुख्यमंत्री तो सीधे-सीधे कोर्ट के फैसले को मानने से भी इंकार कर रही हैं। इनके लिए संविधान और अदालतें कोई मायने नहीं रखती। इनका सबसे सगा अगर कोई है तो वो इनका वोट बैंक है। मोदी ने आरोप लगाया कि इंडिया गठबन्धन भारत को तबाह करने के लिए खेल रहा है। वहीं कांग्रेस एसटी, एससी और ओबीसी का आरक्षण का अधिकार छीन कर मुस्लिम को देकर वोट जिहाद की राजनीति कर रही है।

मोदी ने कहा कि 500 वर्ष की लड़ाई के बाद राम मंदिर निर्माण किया लेकिन कांग्रेस को यह बात हजम नहीं हो रही। अगर कांग्रेस सरकार बनी तो राम मंदिर को ताला लगाकर टैंट में रहने के लिए मजबूर करेगी। देश में एम्स और बल्क ड्रग पार्क की केंद्र सरकार की सौगात हैं, 5 किलो मुफ्त अनाज और 5 लाख स्वास्थ्य की मोदी गारंटी है। उन्होंने कहा कि लोगों को पीएम सूर्योदय मुफ्त बिजली योजना से बिजली बिल से राहत मिलेगी और अतिरिक्त बिजली बेचकर पैसा भी कमाएंगे। मोदी ने अपने संबोधन के दौरान कार्यकर्ताओं से घर-घर जाकर उनका प्रणाम पहुंचाने और गांव-गांव जाकर उनकी तरफ से गांव के देवी-देवताओं के दरबार में माथा टेकने का आह्वान किया। इस दौरान प्रदेश भाजपा अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल, शिमला सीट से भाजपा प्रत्याशी सुरेश कश्यप सहित अन्य भाजपा नेता व बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।
हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News