PM मोदी ने मंडी से भरी चुनावी हुंकार, बोले-राम मंदिर निर्माण की संकल्प भूमि है हिमाचल

punjabkesari.in Friday, May 24, 2024 - 03:35 PM (IST)

मंडी (रजनीश): मंडी के पड्डल मैदान से पीएम नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को विजय संकल्प रैली को संबोधित किया। मोदी ने माण्डव ऋषि की तपोस्थली से सभी देवताओं और तीर्थों को नमन करके चुनवी हुंकार भरी। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि अयोध्या में राम मंदिर निर्माण का संकल्प हिमाचल प्रदेश के पालमपुर में लिया गया था। हिमाचल राम मंदिर के निर्माण की संकल्प भूमि है। हिमाचल में लिया गया वो ऐतिहासिक संकल्प सिद्ध हो चुका है। आज अयोध्या में रामलला विराजमान हुए, हिमाचल खुश हुआ है, देवी-देवता आशीर्वाद बरसा रहे हैं लेकिन राम मंदिर निर्माण से कांग्रेस सुखी नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस अयोध्या में राम मंदिर निर्माण और जे एंड के में 370 हटाने की विरोधी है। कांग्रेस देश में पुराने हालात फिर से लाना चाह रही है। कांग्रेस के साथी तो परमाणु हथियारों को खत्म कर देने की बातें कर रहे हैं। मोदी ने कहा कि कांग्रेस अभी भी 21वीं सदी में नहीं आ पाई है और पीछे की तरफ हट रही है। 

मोदी ने कहा कि इस बार हिमाचल की चारों सीटों से सोने पर सुहागा होगा। उन्होंने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि देश को बाप-दादाओं की विरासत पर चलने वाले नहीं बना सकते। उन्होंने मंडी संसदीय सीट से भाजपा प्रत्याशी कंगना रणौत को लेकर कहा कि कंगना बेटियों के इंस्प्रैशन को रिप्रैजैंट करती हैं जबकि कांग्रेस ने मंडी का नाम लेकर कंगना के लिए अभद्र टिप्पणियां की हैं, वो मंडी का अपमान है, छोटी काशी का अपमान है, हिमाचल का अपमान है, हिमाचल की हर बेटी का अपमान है। ऐसे में अब मंडी की जनता उसे सबक सिखाए। इस दौरान मोदी ने मंच से लाहौल-स्पीति से विधानसभा उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशी रवि ठाकुर कर भी जिक्र किया। मोदी ने लोगों से समर्थन मांगते हुए कहा कि कांग्रेस हिमाचल को बर्बादी के रास्ते पर ले जा रही है, जिसे रोकना जरूरी है। ऐसे में लोग भाजपा को मजबूत कर हिमाचल का भविष्य सुनिश्चित करें। इससे पहले पीएम मोदी का मंडी पहुंचने पर नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर सहित अन्य भाजपा नेताओं ने स्वागत किया। इस दौरान काफी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।
हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News