मंडी में दर्दनाक हादसा, गहरी खाई में गिरने से वार्ड सदस्य की मौत; परिजनों में पसरा मातम
punjabkesari.in Tuesday, Sep 08, 2026 - 12:28 PM (IST)
Mandi News : हिमाचल प्रदेश के जिला मंडी से एक दुखद खबर सामने आई है, जहां पर खाई में गिरने से वार्ड सदस्य की मौत हो गई। वहीं, इस हादसे के बाद क्षेत्र में शोक की लहर है।
बंदरों को भगाने गए थे
जानकारी के मुताबिक, हादसा तहसील करसोग के गांव नेहल का है। मृतक की पहचान गांव नेहल निवासी सोम कृष्ण निवासी (46 वर्षीय) के रूप में हुई है। वह ग्राम पंचायत ताबण के चेवरी वार्ड नंबर चार के वार्ड सदस्य थे। बताया जा रहा है कि सोम कृष्ण रविवार शाम को फसलों को नुकसान पहुंचा रहे बंदरों को भगाने के लिए अपने खेतों की तरफ गए थे, लेकिन वह देर रात तक घर नहीं लौटे। इसके बाद परिजनों और ग्रामीणों ने उनकी तलाश शुरू की। वहीं, सोमवार को उनका शव नेहल नाला में ढांक से नीचे गहरी खाई में पड़ा मिला। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
शरीर पर मिले चोटों के निशान
इधर, घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और आगे की कार्रवाई में जुट गई है। मृतक के शरीर पर चोटों के निशान मिले हैं, लेकिन परिजनों ने किसी भी तरह का शक नहीं जताया है। एसपी विनोद कुमार ने मामले की पुष्टि की है। फिलहाल, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल पाएगा।

