हिमाचल में स्थिर व स्थायी सरकार की जरूरत : मोदी

punjabkesari.in Wednesday, Nov 09, 2022 - 08:55 PM (IST)

शाहपुर/हमीरपुर (जिनेश/राजीव): आज हिमाचल 21वीं सदी में विकास के जिस पड़ाव पर है, वहां उसे स्थिर और मजबूत सरकार की जरूरत है। जब हिमाचल के पास मजबूत सरकार होगी और डबल इंजन की ताकत होगी तो चुनौतियों को भी दूर करेगा और नई ऊंचाई भी उतनी ही तेजी से प्राप्त करेगा। यह बात प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कांगड़ा के चंबी में चुनावी जनसभा में कही। पीएम ने कहा कि कांग्रेस के प्रति लोगों का गुस्सा कितना है, एक बार सरकार से गई तो उसका वापस लौटना ही मुश्किल होता है। तमिलनाडु में लोगों ने करीब 60 साल पहले वहां से कांग्रेस को निकाला, 60 साल हो गए अब तक वापस नहीं आई। आज कई ऐसे राज्य हैं जहां कांग्रेस का एक भी विधायक नहीं है। मोदी ने कहा कि कांग्रेस का मूल आधार आज भी परिवारवाद ही है। ऐसी कांग्रेस पार्टी हिमाचल प्रदेश के लोगों की आकांक्षाओं को, अपेक्षाओं को कभी पूरा नहीं कर सकती। कांग्रेस का पूरा ध्यान भ्रष्टाचार पर है। हम देश के लिए काम कर रहे हैं। मोदी ने कहा कि भाजपा ने राजनीतिक परिपाटी को बदला है। भाजपा वही वायदे करती है जो कर सकती है। 

उत्तराखंड के लोगों ने भी बदली पुरानी परंपरा
मोदी ने कहा कि इस बार उत्तराखंड के लोगों ने भी पुरानी परंपरा को बदलते हुए भाजपा को जिताया। उत्तर प्रदेश में भी 40 साल बाद ऐसा हुआ है जब कोई पार्टी फिर से जीतकर पूर्ण बहुमत के साथ लगातार दूसरी बार सत्ता में आई है। मणिपुर में भी भाजपा की सरकार फिर से आई है। इन दोनों जगहों से खबरें सिर्फ झगड़े की ही रहती हैं। अगर यही चलता रहा तो राज्य का विकास कैसे हो सकता है? कांग्रेस कभी हिमाचल को स्थिर सरकार नहीं दे सकती है और न ही वो चाहते हैं। आज कांग्रेस की गिनकर 2 ही सरकारें बची हैं, एक राजस्थान और एक छत्तीसगढ़ में। उन्होंने कहा कि कांग्रेस यानि अस्थिरता, भ्रष्टाचार, घोटाले, विकास कार्यों में रोड़े अटकाने की गारंटी है।

हिमाचल के लोग खुद ही लड़ रहे चुनाव 
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हिमाचल के सुजानपुर में कहा कि इस बार हिमाचल के लोग खुद ही चुनाव लड़ रहे हैं तथा खुद ही प्रचार कर रहे हैं। इसलिए हिमाचल में फिर से भाजपा की जयराम की सरकार बन रही है। उन्होंने कहा कि हिमाचल के लोग नया इतिहास बनाने के लिए जाने जाते हैं। इसलिए हिमाचल में एक बार मेरी और एक बार तेरी मजे करने वाली सरकारों का समय अब चला गया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने हिमाचल का विकास रोके रखा, लेकिन भाजपा ने विकास को गति दी और अब लोगों का विश्वास भाजपा में और ज्यादा बना है। उन्होंने कहा कि अब हिमाचल से भी कांग्रेस का पूरी तरह बोरिया-बिस्तर बंधने वाला है। कांग्रेस ने 40 वर्षों तक वन रैंक-वन पैंशन को रोके रखा। हमने इसे लागू किया है और इसका एरियर भी दिया है लेकिन कांग्रेस है जो फौज की तुलना गुंडों से करती है। उन्होंने कहा कि बेटियों के लिए भी अब तीनों सेनाओं में जाने के दरवाजे पूरी तरह खोल दिए हैं। उन्होंने कहा कि 2014 तक भारतीय सेना में एक लाख बेटियां थी, अब यह संख्या सवा 2 लाख हो गई है। हिमाचल भाजपा ने बेटियों व महिलाओं के लिए बहुत अच्छा रोडमैप तैयार किया है। 

माेदी ने पहाड़ी भाषा में दिया संबोधन
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सुजानपुर में पहाड़ी भाषा में अपना संबोधन शुरू करते हुए कहा कि तुसां सारयां हमीरपुर वाल्यां जो मेरा प्रणाम, तुसां सारयां दा आशीर्वाद लैणे दा अज मिंजो मौका मिल्या। जय गसोता महादेव दी, माता टोनियां देविया दी, जय बाबा बालकनाथां दी। सभी देवी-देवताओं दा भी आशीर्वाद मिला, ते अज भी मिंजो हमीरपुरे दे बेसन-बर्फियां दी याद है। 

भाजपा नेता और अपने पुराने साथी को मंच से अर्पित की श्रद्धांजलि 
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ऊना के भाजपा नेता और अपने पुराने साथी प्रवीण शर्मा की मृत्यु पर उन्हें मंच से श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि प्रवीण शर्मा के साथ काम किया, हम सबको छोड़ कर चले गए, मैं उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि देता हूं।

विकास व टूरिज्म के मामले में रोल मॉडल बन सकता है हिमाचल
प्रधानमंत्री ने कहा कि विकास व टूरिज्म के मामले में छोटे राज्यों में हिमाचल रोल मॉडल बन सकता है तथा विकास के मामले में हिमाचल अग्रणी राज्य बनेगा। डबल इंजन से डबल विकास हिमाचल में हो रहा है। हिमाचल में एम्स, धौलासिद्ध प्रोजैक्ट, बल्क ड्रग पार्क और वंदे भारत ट्रेन भी शुरू हो गई है। 

मोदी ने मंच पर पहुंचते ही धूमल से की गुफ्तगू
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सुजानपुर की रैली के मंच पर पहुंचते ही जब पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल को देखा तो वे सीधे उनकी तरफ गए और धूमल का पहले बाजू पकड़ा और फिर उनके कंधों पर हाथ रखकर कुछ देर गुफ्तगू भी की। वहीं जब अनुराग ठाकुर भाषण दे रहे थे तो मोदी व धूमल के बीच खूब बातचीत होती रही।

हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Recommended News

Related News