हिमाचल में शादी से 2 दिन पहले लापता हुई युवती, परिजनों की शिकायत पर मामला दर्ज

punjabkesari.in Tuesday, May 05, 2026 - 07:58 PM (IST)

अम्ब (अश्विनी): हिमाचल प्रदेश के ऊना जिला के अम्ब क्षेत्र में एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है। क्षेत्र के एक गांव में 7 मई को होने वाली शादी के ठीक पहले एक युवती रहस्यमयी परिस्थितियों में लापता हो गई। इस घटना ने क्षेत्र में हड़कंप मचा दिया है। घटना उस समय सामने आई जब परिवार शादी की तैयारियों में व्यस्त था और मेहमानों का आना-जाना शुरू हो चुका था। परिजनों ने जब युवती को ढूंढा तो वह कहीं नहीं मिली। परिजनों के अनुसार युवती और एक गांव का युवक मंगलवार सुबह से ही अपने घरों से गायब हैं।

परिजनों ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया है कि उक्त युवक शादीशुदा है, जोकि युवती को बहला-फुसलाकर शादी का झांसा देकर अपने साथ ले गया है। इस दावे ने मामले को और अधिक गंभीर बना दिया है। युवती के गायब होने से न केवल उसके परिवार पर दुखों का पहाड़ टूटा है, बल्कि दूल्हे के परिवार को भी गहरा सामाजिक और मानसिक आघात लगा है। साथ ही, आरोपी युवक के परिवार में भी तनाव की स्थिति बनी हुई है।

मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस पूरी तरह सक्रिय हो गई है। डीएसपी अम्ब अनिल पटियाल ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि परिजनों की शिकायत के आधार पर पुलिस ने कानून की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। डीएसपी ने कहा कि युवती की तलाश के लिए पुलिस टीम का गठन कर दिया गया है। पुलिस आरोपी युवक और युवती के संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है और जल्द ही इस रहस्य से पर्दा उठा लिया जाएगा।

हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News