Hamirpur News: पागल कुत्ते के काटने के 2 महीने बाद व्यक्ति की मौत, ''रैबीज'' की आशंका से गांव में मचा हड़कंप
punjabkesari.in Tuesday, Jun 23, 2026 - 12:56 PM (IST)
नादौन (जैन): हमीरपुर जिले के उपमंडल नादौन के अंतर्गत भद्रोल पंचायत के भलूं गांव में एक प्रवासी मजदूर की कथित तौर पर रैबीज से मौत होने का मामला सामने आया है। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है और ग्रामीणों में भारी डर का माहौल है। स्वास्थ्य विभाग से मामले की गहन जांच और तुरंत सुरक्षात्मक कदम उठाने की मांग की जा रही है।
3 दिन पहले अचानक अजीब हरकतें करने लगा मजदूर
मिली जानकारी के अनुसार 3 दिन पहले रात को अचानक दर्शन कुमार की तबीयत बिगड़ गई। वह अचानक डरावनी और अजीबो-गरीब हरकतें करने लगा। उसकी हालत देख साथ में रह रहे अन्य मजदूर घबरा गए और उसे तुरंत नादौन अस्पताल ले गए। वहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे टांडा मेडिकल कॉलेज रैफर कर दिया, लेकिन टांडा पहुंचते ही उसने दम तोड़ दिया।
ग्रमीण बोले- अधूरा इलाज बना मौत का कारण!
स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि करीब 2 महीने पहले दर्शन कुमार को एक पागल कुत्ते ने काट लिया था। उसने अस्पताल जाकर इलाज तो शुरू करवाया था, लेकिन वैक्सीन की तय प्रक्रिया को पूरा नहीं किया। डॉक्टरों के अनुसार जब रैबीज के लक्षण उभरते हैं, तो इंसान असामान्य हरकतें करने लगता है। दर्शन कुमार की इन हरकतों से ही आशंका जताई जा रही है कि उसकी मौत रैबीज के कारण हुई है।
साथी मजदूर लौटे घर, गांव में बढ़ी चिंता
इस घटना ने ग्रामीणों की चिंता को दोगुना कर दिया है। बताया जा रहा है कि दर्शन कुमार के साथ जम्मू क्षेत्र के ही कुछ अन्य लोग भी काम करते थे, लेकिन वे सभी अब अपने घरों को वापस लौट चुके हैं। ग्रामीणों की मांग है कि इस मामले की पूरी जांच कर ग्रामीणों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए। जो मजदूर अपने घर लौट चुके हैं, उनकी पहचान कर उन्हें ट्रैक किया जाए ताकि संक्रमण का खतरा न फैले।
स्वास्थ्य विभाग का अलर्ट, बीएमओ ने लोगों से की ये अपील
इस पूरे मामले पर खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजेश भारद्वाज ने बताया कि विभाग ने मामले की छानबीन शुरू कर दी है। मृतक के संपर्क में आए लोगों की पहचान की जा रही है। डॉ. राजेश भारद्वाज ने लोगों से अपील की है कि जो कोई भी व्यक्ति पिछले कुछ दिनों में दर्शन कुमार के सीधे संपर्क में आया है, वह तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचकर अपनी वैक्सीनेश करवाए। यदि किसी के पास इस मामले या मृतक के साथियों से जुड़ी कोई भी जानकारी हो, तो तुरंत स्वास्थ्य विभाग को सूचित करे।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें

