निवेश के नाम पर बड़ा फर्जीवाड़ा! बुक स्कैनिंग-प्रिंटिंग प्रोजेक्ट दिलाने के बहाने लोगों को लगाया लाखों का चूना; ऐसे बिछाया जाल

punjabkesari.in Friday, Feb 20, 2026 - 11:42 AM (IST)

Mandi News: हिमाचल प्रदेश के सुंदरनगर क्षेत्र में एक निजी कंपनी द्वारा निवेश और प्रोजेक्ट के नाम पर ठगी का बड़ा मामला सामने आया है। कंपनी ने स्थानीय निवासियों को घर बैठे 'बुक स्कैनिंग और प्रिंटिंग' का काम देने का झांसा देकर लाखों रुपये ऐंठ लिए। पीड़ितों ने पुलिस उप-अधीक्षक (DSP) को सामूहिक शिकायत सौंपकर कंपनी के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

ऐसे बिछाया जाल, बाद में हुए फरार

पीड़ितों के अनुसार, एक निजी कंपनी, जिसका मुख्य कार्यालय पंजाब में बताया गया है, के एजेंटों ने उन्हें निवेश पूरी तरह सुरक्षित होने का भरोसा दिलाया था। शुरुआत में विश्वास जीतने के लिए कुछ लोगों को छोटा-मोटा भुगतान किया गया, जिससे आकर्षित होकर दर्जनों लोगों ने इस स्कीम में पैसा निवेश कर दिया। उदय, अक्षय, जुबिन, अमन और विजय समेत अन्य शिकायतकर्ताओं ने बताया कि उन्होंने कंपनी के कहने पर अपने निजी खर्च से कंप्यूटर, प्रिंटर और अन्य महंगे उपकरण खरीदे थे। लेकिन कुछ समय बाद ही भुगतान रुक गया और कंपनी के प्रतिनिधि फोन बंद कर फरार हो गए।

लाखों का निवेश फंसा, उपकरण भी बेकार

शिकायतकर्ताओं का कहना है कि न तो उन्हें काम मिल रहा है और न ही उनकी निवेश की गई राशि वापस लौटाई जा रही है। उन्होंने अपने निजी संसाधनों का उपयोग करके जो कार्यालय सेटअप तैयार किया था, वह अब पूरी तरह बेकार पड़ा है। इस सामूहिक धोखाधड़ी से इलाके के युवाओं और छोटे निवेशकों में भारी रोष है। मामले की गंभीरता को देखते हुए डीएसपी सुंदरनगर भारत भूषण ने शिकायत मिलने की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है और जल्द ही संबंधित कंपनी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। बता दें कि शिकायतकर्ताओं ने 14 नवंबर, 2025 को शिकायत पत्र सौंपा था और कंपनी के विरुद्ध एफआईआर दर्ज करने की मांग उठाई थी।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Swati Sharma

Related News