Himachal: 45 से 60 सैकेंड की Reel आपको दिला सकती है ₹15 हजार, अंतर्राष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव में करना हाेगा ये काम

punjabkesari.in Wednesday, Feb 11, 2026 - 06:00 PM (IST)

मंडी (रजनीश): युवाओं और रचनात्मक प्रतिभाओं को महाशिवरात्रि महोत्सव से जोड़ने के लिए जिला प्रशासन ने एक अनूठी पहल की है। डीसी एवं मेला समिति अध्यक्ष अपूर्व देवगन ने बताया कि इस वर्ष महोत्सव में रील मेकिंग प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। इसका उद्देश्य मंडी नगर की लगभग 500 वर्ष प्राचीन समृद्ध धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत को रचनात्मक माध्यम से सहेजना और उसे दुनिया के सामने पेश करना है। अव्वल रील बनाने वाले प्रथम प्रतिभागी को 15 हजार व द्वितीय को 10 हजार रुपए के नकद ईनामों से नवाजा जाएगा। इस प्रतियोगिता के माध्यम से देवताओं के आगमन, पारंपरिक बजंतरियों की गूंज और श्रद्धालुओं की अटूट आस्था के पलों को 45 से 60 सैकेंड की रील में कैद करना होगा। प्रतियोगिता की थीम द पल्स निर्धारित की गई है। 15 वर्ष या उससे अधिक आयु का कोई भी भारतीय नागरिक (शौकिया या पेशेवर) इसमें भाग ले सकता है।

इन दृश्यों को दर्शाना होगा अनिवार्य
रील वर्टिकल (9:16) फॉर्मेट में होनी चाहिए जिसमें जलेब, पारंपरिक वाद्ययंत्रों और आस्था के दृश्यों को दर्शाना अनिवार्य है। कंटैंट पूरी तरह से मौलिक होना चाहिए। एआई जनरेटिड, चोरी की गई या पहले से प्रकाशित सामग्री मान्य नहीं होगी। प्रतियोगिता का मूल्यांकन डीसी द्वारा गठित निर्णायक मंडल करेगा और उनका निर्णय अंतिम होगा। प्रशासन ने सभी इच्छुक प्रतिभागियों से इस ऐतिहासिक महोत्सव का हिस्सा बनने की अपील की है।

23 फरवरी दोपहर 3 बजे तक भेजेनी हाेगी रील
प्रतिभागियों को अपनी हाई-रैजूल्यूशन रील mandidtdo@gmail.com पर ई-मेल करनी होगी। इसके साथ ही रील को डीसी मंडी के आधिकारिक फेसबुक और इंस्टाग्राम हैंडल के साथ कोलैब पोस्ट' करना होगा। पोस्ट में #MandiShivratri हैशटैग का प्रयोग करना अनिवार्य है। ई-मेल के साथ अपना नाम, आयु, पता, मोबाइल नंबर, रील का शीर्षक और पहचान के लिए आधार कार्ड की स्कैन काॅपी भेजनी होगी तथा प्रविष्टियां भेजने की अंतिम तिथि 23 फरवरी दोपहर 3 बजे तक है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News