रेलिंग पर चढ़कर नाचने-गाने लगा ये मशहूर सिंगर, पुलिस को करना पड़ा बीच-बचाव; अब बना चर्चा का विषय
punjabkesari.in Wednesday, Feb 18, 2026 - 02:10 PM (IST)
Mandi Shivratri Festival: अंतरराष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव की दूसरी सांस्कृतिक संध्या लोक संगीत और हाई-वोल्टेज ड्रामे की गवाह बनी। संध्या के मुख्य आकर्षण प्रसिद्ध लोक गायक काकू राम ठाकुर की प्रस्तुति के दौरान उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब वे गाते-गाते अचानक मंच छोड़कर दर्शकों के बीच पहुंच गए। गायक का जोश इतना बढ़ गया कि वे सुरक्षा घेरा तोड़कर रेलिंग पर चढ़ गए, जिसके बाद स्थिति को संभालने के लिए पुलिस कर्मियों को तुरंत हस्तक्षेप करना पड़ा।
मंच छोड़कर जनता के बीच पहुंचे गायक
सांस्कृतिक संध्या में मुख्य कलाकार के तौर पर पहुंचे काकू राम ठाकुर ने जैसे ही अपनी नाटियां और लोकगीत शुरू किए, पूरा पंडाल झूम उठा। इसी बीच, गायक अचानक मंच से नीचे उतरकर प्रशंसकों के बीच जा पहुंचे और रेलिंग पर चढ़कर परफॉर्म करने लगे। सुरक्षा में तैनात पुलिस जवानों ने बड़ी मशक्कत के बाद उन्हें वापस सुरक्षित मंच तक पहुंचाया। गायक की इस अनूठी हरकत ने जहां युवाओं में जोश भर दिया, वहीं प्रशासन और सुरक्षाकर्मियों के लिए यह चर्चा का विषय बनी रही।
सुनील और अन्य कलाकारों ने बांधा समां
काकू राम ठाकुर से पहले चंबा के उभरते कलाकार सुनील ने भी मुख्य कलाकार के रूप में अपनी गायकी का जादू बिखेरा। उन्होंने चंबा और हिमाचल के पारंपरिक लोकगीतों से युवाओं को थिरकने पर मजबूर कर दिया। इसके अलावा पायल ठाकुर, किशन वर्मा और राजिंद्र वर्मा ने भी अपनी शानदार प्रस्तुतियों से दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया।

