Una: दुबई से लौटते ही नोटों के हार से लद गया हिमाचल का यह बेटा, वजह जानकर गर्व से चाैड़ा हाे जाएगा सीना

punjabkesari.in Wednesday, Feb 18, 2026 - 02:43 PM (IST)

अम्ब (अश्विनी): दुबई में आयोजित 17वीं फज्जा अंतर्राष्ट्रीय पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाकर लौटे हिमाचल के होनहार पैरा एथलीट सुनील कुमार का अपने गृह क्षेत्र अम्ब पहुंचने पर जोरदार स्वागत किया गया। उपमंडल अम्ब के गांव लंडेर लंढ़ियां के रहने वाले सुनील ने अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर 2 रजत पदक जीतकर न केवल अपने गांव, बल्कि पूरे प्रदेश और देश का मान बढ़ाया है। सुनील कुमार के सम्मान में आयोजित अभिनंदन समारोह में युवा कांग्रेस के प्रदेश महासचिव राघव राणा ने मुख्य रूप से शिरकत की। उन्होंने सुनील को हिमाचली टोपी, माता श्री चिंतपूर्णी जी की पावन चुनरी और नोटों का हार पहनाकर सम्मानित किया। इस दौरान सुनील के पिता रामपॉल, यूथ कांग्रेस चिंतपूर्णी के अध्यक्ष अमन जसवाल, निशा शर्मा, अमित शुक्ला, अशोक वर्मा व राजेश भाटिया सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे। ग्रामीणों ने फूलमालाओं और बुके देकर अपने हीरो का स्वागत किया।

दुबई में लहराया सफलता का परचम
सुनील कुमार का प्रदर्शन दुबई के प्रतिष्ठित अंतर्राष्ट्रीय मंच पर बेहद शानदार रहा। उन्होंने जैवलिन थ्रो में 32.47 मीटर भाला फैंककर रजत पदक जीता ती वहीं शॉटपुट में 8.04 मीटर थ्रो के साथ दूसरा रजत पदक अपने नाम किया। ग्रामीण पृष्ठभूमि से निकलकर अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर यह उपलब्धि उनकी कड़ी मेहनत और कोच ललित ठाकुर के मार्गदर्शन का परिणाम है। इससे पहले सुनील ने 23वीं राष्ट्रीय पैरा एथलेटिक्स गेम्स 2025 में भी रजत पदक जीता था।

वर्ल्ड ग्रां प्री और एशियन गेम्स अगला लक्ष्य 
सुनील कुमार की उपलब्धियों का सिलसिला यहीं नहीं रुकने वाला है। उनका चयन 8 से 13 मार्च तक नई दिल्ली में आयोजित होने वाली 2026 वर्ल्ड पैरा एथलेटिक्स ग्रां प्री के लिए भारतीय दल में हुआ है। वह एफ-40 श्रेणी में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे। सुनील ने बताया कि मेरा अगला लक्ष्य दिल्ली में होने वाली प्रतियोगिता में देश के लिए स्वर्ण पदक जीतना है। इसके बाद अक्तूबर में होने वाले एशियन पैरा गेम्स में भी पदक जीतना मेरा सपना है। अपनी तैयारियों को पुख्ता करने के लिए सुनील जल्द ही अपने कोच के साथ उच्च स्तरीय प्रशिक्षण के लिए साई, गांधीनगर रवाना होंगे। सुनील की इस उपलब्धि से पूरे क्षेत्र में खुशी की लहर है और लोगों को उम्मीद है कि वह भविष्य में देश का नाम और ऊंचा करेंगे।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News