Sirmour: पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान कार से बरामद किए 264 नशीले कैप्सूल
punjabkesari.in Saturday, May 23, 2026 - 07:34 PM (IST)
पांवटा साहिब (कपिल): थाना पांवटा साहिब पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान एक कार से 264 नशीले कैप्सूल बरामद कर एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार थाना पांवटा साहिब की पुलिस टीम वाहनों की चैकिंग कर रही थी। इसी दौरान भांटावाली रेनबेक्सी चौक से गंगूवाला जाने वाली सड़क पर कार को रुकने का इशारा किया गया। पुलिस के अनुसार चालक ने कार को अचानक दाहिनी ओर कच्चे रास्ते में उतारकर भगाने का प्रयास किया, लेकिन आगे आम का पेड़ और सड़क किनारे पड़े लोहे के पाइप होने के कारण वह भाग नहीं सका।
पुलिस टीम ने कार की तलाशी ली तो डैशबोर्ड पर रखे एक बैग से स्ट्रिपों में 264 नशीले कैप्सूल बरामद हुए। पूछताछ के दौरान चालक ने अपना नाम बसारत अली पुत्र यामीन मोहम्मद निवासी गांव घुतनपुर डाकघर बातामंडी तहसील व थाना पांवटा साहिब बताया। आरोपी बरामद कैप्सूलों के संबंध में कोई लाइसैंस या डॉक्टर की पर्ची पेश नहीं कर सका।
एसपी सिरमौर एनएस नेगी ने बताया कि पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज किया है। आरोपी का 26 मई तक पुलिस रिमांड प्राप्त किया गया है। उन्होंने बताया कि पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी नशीले कैप्सूल कहां से लाया था और इन्हें किन लोगों तक पहुंचाने की तैयारी में था, ताकि पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश किया जा सके।

