Chamba: पांगी के घिसल धार में बादल फटने से भारी तबाही

punjabkesari.in Thursday, Jul 02, 2026 - 08:12 PM (IST)

पांगी (चम्बा) (रंजना): जनजातीय क्षेत्र पांगी के घिसल धार में बादल फटने से भारी तबाही मच गई। बादल फटने के कारण साच-घराट-सेचू नाला मार्ग का बड़ा हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। तेज बहाव के चलते सड़क का हिस्सा बह गया और 3 कल्वर्ट भी नाले में समा गए। देखते ही देखते सड़क नाले में तब्दील हो गई, जिससे इस मार्ग पर वाहनों की आवाजाही पूरी तरह बंद हो गई। बुधवार को अचानक नाले में आई बाढ़ के कारण मार्ग पर यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया। सड़क बंद होने से सेचू, शुण, चसक, हिलुटवान, हिलोर और सहाली सहित कई गांवों का संपर्क मुख्यालय से घंटों तक कट गया। घटना की सूचना मिलते ही लोक निर्माण विभाग मंडल पांगी की टीम तुरंत हरकत में आई और विभाग ने जेसीबी और अन्य मशीनरी को मौके पर भेजकर सड़क बहाली का कार्य शुरू किया।

करीब 11 घंटे तक चले राहत और बहाली कार्य के बाद देर शाम सड़क को वाहनों की आवाजाही के लिए अस्थायी रूप से बहाल कर दिया गया। लोक निर्माण विभाग मंडल पांगी के अधिशासी अभियंता रवि शर्मा ने बताया कि कर्मचारियों ने लगातार 11 घंटे तक काम कर सड़क को यातायात के लिए बहाल कर दिया। प्रारंभिक आकलन के अनुसार इस आपदा से विभाग को लगभग 50 लाख रुपए का नुक्सान हुआ है। घिसल धार में बादल फटने के कारण किसानों का काफी नुक्सान हुआ है। घिसल और कुथल गांव के किसानों की मटर की फसल पूरी तरह से तबाह हो गई है। वीरवार को आवासीय आयुक्त पांगी अमनदीप ने मौके का जायजा लिया और संबंधित विभाग को नुक्सान का आकलन करने के आदेश जारी किए।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Kuldeep

Related News