हिमाचल में पंचायत चौकीदारों के 566 पद खत्म, अब मल्टी टास्क वर्करों की होगी भर्ती

punjabkesari.in Friday, Jul 31, 2026 - 10:00 PM (IST)

डाडासीबा (सुनील): हिमाचल प्रदेश सरकार के पंचायती राज विभाग ने ग्राम पंचायतों में पंचायत चौकीदारों के 566 पद समाप्त कर दिए हैं। सरकार ने इस संवर्ग को मृत संवर्ग घोषित करते हुए अधिसूचना जारी कर दी है। अधिसूचना जारी होने के साथ ही यह आदेश प्रभावी हो गया है। राज्यपाल की स्वीकृति के बाद जारी आदेशों में स्पष्ट किया गया है कि पंचायत चौकीदारों के समाप्त किए गए पदों पर भविष्य में कोई नई भर्ती नहीं होगी। मृत संवर्ग घोषित होने का अर्थ है कि अब रिक्त होने वाले पदों को दोबारा नहीं भरा जाएगा और यह श्रेणी धीरे-धीरे समाप्त हो जाएगी। यह निर्णय मंत्रिमंडल की बैठक में लिए गए फैसले के आधार पर लागू किया गया है।

पंचायती राज विभाग के सचिव सी. पॉलरासू की ओर से जारी अधिसूचना की प्रतियां सभी संबंधित विभागों, उपायुक्तों, जिला परिषदों, पंचायत समितियों और ग्राम पंचायतों को आवश्यक कार्रवाई के लिए भेजी गई हैं। सरकार के इस फैसले के बाद पंचायतों में चौकीदारों के स्थान पर वैकल्पिक व्यवस्था की जाएगी। पंचायत चौकीदार संघ के प्रदेश अध्यक्ष प्रेम चंद वर्धन ने बताया कि अब आगामी समय में चौकीदारों की जगह मल्टी टास्क कर्मियों की भर्ती की जाएगी। उन्होंने कहा कि चौकीदारों के रिक्त पद समाप्त कर दिए गए हैं। अब देखना होगा कि सरकार पंचायतों में आवश्यक सेवाओं को सुचारू रखने के लिए मल्टी टास्क वर्करों की भर्ती किस प्रक्रिया के तहत करती है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Kuldeep

Related News