हिमाचल में चिकित्सकों ने टाली पेन-डाउन हड़ताल, स्थानांतरण आदेश रद्द होने के बाद लिया फैसला
punjabkesari.in Monday, Nov 02, 2026 - 09:32 AM (IST)
Shimla News : हिमाचल प्रदेश सरकार द्वारा तबादले के आदेश रद्द किए जाने के बाद, 'स्टेट एसोसिएशन ऑफ मेडिकल एंड डेंटल कॉलेज टीचर्स' (एसएएमडीसीओटी) रविवार को अपनी प्रस्तावित तीन दिवसीय 'कलमबंद' हड़ताल को दो सप्ताह के लिए टाल दी। यह निर्णय डॉ. बलबीर एस वर्मा नीत एसएएमडीसीओटी के प्रतिनिधिमंडल और मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के बीच हुई एक बैठक के बाद लिया गया।
बैठक के बाद उन सभी एसोसिएट प्रोफेसर और प्रोफेसर के तबादले के आदेश रद्द कर दिए गए, जिन्हें अभी तक कार्यमुक्त नहीं किया गया था या जिन्होंने अदालत का दरवाजा नहीं खटखटाया था। एसोसिएशन ने 28 अक्टूबर को चेतावनी दी थी कि दो नवंबर से तीन दिनों की कलमबंद हड़ताल की जाएगी, जिसके तहत सामूहिक आकस्मिक अवकाश लिया जाएगा और पांच नवंबर को सचिवालय तक मार्च निकाला जाएगा।
चिकित्सकों की मांगों में एआईएमएसएस -चामियाना में नई भर्तियां करने, हाल ही में किए गए पुनर्नियोजन और तबादले के आदेशों की समीक्षा करने, तथा बुनियादी ढांचे, काम के बोझ और मानव संसाधन की जरूरतों का आकलन करने के लिए एक औपचारिक समीक्षा समिति गठित करने की मांग शामिल है।

