Kangra: हिमाचल का बढ़ा मान, पालमपुर के बेटे को मुबई में मिला ये राष्ट्रीय सम्मान
punjabkesari.in Saturday, Sep 12, 2026 - 07:32 PM (IST)
पालमपुर (भृगु): कृषि विश्वविद्यालय, पालमपुर के कॉलेज ऑफ वैटर्नरी एंड एनिमल साइंसिज के पशु पोषण विभाग के प्रोफैसर एवं विभागाध्यक्ष डॉ. शिवानी कटोच को पशुधन एवं पशु पोषण के क्षेत्र में उनके उत्कृष्ट योगदान, नेतृत्व एवं दीर्घकालीन सेवाओं के लिए प्रतिष्ठित सीएलएफएमए अवार्ड-2026 से सम्मानित किया गया है। यह पुरस्कार कम्पाऊंड लाइवस्टॉक फीड मैन्युफैक्चरर्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया द्वारा प्रदान किया गया। डॉ. शिवानी कटोच को यह प्रतिष्ठित सम्मान मुंबई में आयोजित 67वें सीएलएफएमए राष्ट्रीय संगोष्ठी के उद्घाटन सत्र के दौरान प्रदान किया गया।
कॉलेज ऑफ वैटर्नरी एंड एनिमल साइंसिज के अधिष्ठाता डॉ. पंकज सूद ने डॉ. शिवानी कटोच को इस प्रतिष्ठित राष्ट्रीय सम्मान के लिए हार्दिक बधाई दी। सतत विकास की आधारशिला पशु कृषि विषय पर दो दिवसीय 67वीं सीएलएफएमए राष्ट्रीय संगोष्ठी आयोजित की गई। संगोष्ठी में नीति-निर्माताओं, उद्योग जगत के प्रतिनिधियों, वैज्ञानिकों, शिक्षाविदों एवं उद्यमियों ने भाग लिया तथा भारतीय पशु कृषि के समक्ष चुनौतियों एवं उभरते अवसरों पर विचार-विमर्श किया।

