Kangra: अंतिम चुनाव में जीत का आशीर्वाद लेकर भगवान के पास जाना चाहता हूं : शांता कुमार

punjabkesari.in Monday, May 11, 2026 - 10:09 PM (IST)

पालमपुर (भृगु): पूर्व मुख्यमंत्री एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता शांता कुमार ने कहा कि पूरे देश में भारतीय जनता पार्टी का युग चल रहा है और बंगाल में मिली जीत ने इसे सिद्ध कर दिया है। उन्होंने विश्वास जताया कि आगामी विधानसभा चुनावों में हिमाचल प्रदेश में भाजपा फिर से जीत दर्ज करेगी तथा नगर निगम पालमपुर के चुनाव में भी भारतीय जनता पार्टी विजय पताका फहराएगी। पालमपुर में आयोजित पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए शांता कुमार ने कहा कि पालमपुर के विकास में भाजपा का महत्वपूर्ण योगदान रहा है, लेकिन अभी भी शहर में बहुत कुछ किया जाना बाकी है। उन्होंने कहा कि पालमपुर में बढ़ती ट्रैफिक समस्या और बेसहारा पशुओं की समस्या का स्थायी समाधान होना चाहिए। उन्होंने अपने पुराने सपने का जिक्र करते हुए कहा कि पालमपुर में रोपवे निर्माण उनका लंबे समय से सपना रहा है, लेकिन यह सपना अभी तक अधूरा है।

उन्होंने कहा कि जब उनकी सरकार थी तब इस परियोजना को साकार करने का प्रयास किया गया था, परंतु सरकार गिरने के साथ ही यह सपना भी अधूरा रह गया। शांता कुमार ने कहा कि जिस दिन पालमपुर में रोपवे बन जाएगा, उस दिन पालमपुर विश्व मानचित्र पर एक बड़े पर्यटन स्थल के रूप में उभरेगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि एक दिन उनका यह सपना अवश्य पूरा होगा। भावुक अंदाज में उन्होंने कहा कि वह अपने जीवन के अंतिम पड़ाव में हैं और संभवतः आगामी चुनाव उनके जीवन का अंतिम चुनाव होगा। ऐसे में वह जीत का आशीर्वाद लेकर भगवान के पास जाना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि पालमपुर में भारतीय जनता पार्टी पूरी तरह एकजुट है और इसी एकजुटता के बल पर पार्टी सभी चुनावों में जीत हासिल करेगी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Kuldeep

Related News