Kangra: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का धर्मशाला प्रवास प्रदेश के लिए महत्वपूर्ण : शांता
punjabkesari.in Monday, Sep 08, 2025 - 06:18 PM (IST)

पालमपुर (भृगु): पूर्व मुख्यमंत्री एवं पूर्व केन्द्रीय मंत्री शांता कुमार ने कहा है कि आज की भयंकर आपदा के समय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आज धर्मशाला में पधारना बहुत ही महत्वपूर्ण है। उन्होंने अपने दूसरे घर हिमाचल की सुध लेने का कार्यक्रम बनाया, इसके लिए वह प्रधानमंत्री का बहुत-बहुत धन्यवाद करते हैं। उन्होंने कहा कि जीएसटी सरलीकरण से इस भयंकर आपदा के समय भारत के लोगों को बहुत बड़ी राहत मिली है, बहुत सी जरूरी चीजें सस्ती हो गई हैं। उन्होंने इसके लिए सबसे अधिक बधाई और श्रद्धांजलि अरुण जेटली को दी है।
उन्होंने कहा कि उन्हें याद है कि पूरे देश में जीएसटी लागू करवाने के लिए लगातार कठिन संघर्ष किया था। अरुण जेटली ने बहुत से प्रदेशों और विशेष कर विपक्ष शासित प्रदेश विरोध करते थे, अरुण जेटली ने एक बार नहीं कई बार अलग-अलग प्रदेशों की बैठकें की और भारत को एक बहुत बढ़िया कर प्रणाली जीएसटी दी। साक्षरता प्रदान करने के लिए उन्होंने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू को और हिमाचल सरकार को बहुत-बहुत बधाई दी है। हिमाचल की जनता भी बधाई की पात्र है और हिमाचल की पुरानी सरकारें भी बधाई की पात्र हैं जिन्होंने पूर्ण साक्षरता के लिए प्रयत्न किया।