Kangra: पालमपुर के विकास में सहायक होगा आईआईटी का विस्तार परिसर : शांता
punjabkesari.in Tuesday, Feb 04, 2025 - 10:19 PM (IST)
पालमपुर (भृगु): पूर्व मुख्यमंत्री एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री शांता कुमार ने सिंगापुर से जारी बयान में कहा कि पालमपुर क्षेत्र में उच्च शिक्षा और तकनीकी प्रगति की दृष्टि से यह सौभाग्य की बात है कि आईआईटी मंडी का एक विस्तार केंद्र पालमपुर में स्थापित होगा। यह केंद्र लगभग 52 हैक्टेयर भूमि में बनेगा। उन्होंने कहा कि इतना बढ़िया आधुनिक तकनीकी सुविधाओं से पूर्ण यह केंद्र इस क्षेत्र के विकास में सहायक सिद्ध होगा। उन्होंने इस महत्वपूर्ण परियोजना के लिए भारत सरकार, मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू व आईआईटी बोर्ड के सदस्य गोकुल बुटेल को इसके लिए बधाई दी है और आग्रह किया कि अब यह परियोजना केवल घोषणा बन कर न रहे और शीघ्र इसका कार्य शुरू किया जाए।
मुख्यमंत्री द्वारा कांगड़ा को पहले ही पर्यटन राजधानी बनाने की घोषणा में यह एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगा। शांता कुमार ने दोनों नेताओं को याद दिलवाया कि अब पालमपुर के रोपवे को भी अति शीघ्र स्वीकृत करें जिससे इस क्षेत्र का विकास होकर दुनिया भर के पर्यटकों को आकर्षित किया जा सके। धौलाधार में इतनी क्षमता है कि इसमें बहुत कुछ पर्यटकों को दिखाने के लिए है। उन्होंने आग्रह किया कि रोपवे के निर्माण से यह क्षेत्र दुनिया के पर्यटन मानचित्र पर होगा।