Kangra: हिमाचल की जनता से विश्वासघात कर रही कांग्रेस सरकार : विपिन
punjabkesari.in Sunday, Jun 14, 2026 - 07:45 PM (IST)
पालमपुर (भृगु): प्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष एवं विधायक विपिन सिंह परमार ने कांग्रेस सरकार पर अपनी विफलताओं को छिपाने के लिए केंद्र सरकार पर झूठे आरोप लगाने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार आर्थिक कुप्रबंधन, प्रशासनिक अक्षमता और विकास कार्यों में सुस्ती के लिए केंद्र को जिम्मेदार ठहराकर जनता को गुमराह कर रही है। परमार ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार ने हिमाचल को आपदा राहत, स्वास्थ्य, शिक्षा, सड़क और आधारभूत ढांचे सहित विभिन्न क्षेत्रों में लगातार सहयोग दिया है। उन्होंने कांग्रेस नेताओं के इस दावे को गलत बताया कि प्रदेश को केंद्र से पर्याप्त सहायता नहीं मिली। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में विकास कार्य प्रभावित हैं, युवाओं को रोजगार नहीं मिल रहा, निवेश की गति धीमी है और सरकार केवल बयानबाजी तक सीमित रह गई है।
हाल ही में केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जगत प्रकाश नड्डा के दौरे का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार को राज्य के मुद्दे मजबूती से उठाने चाहिए थे, लेकिन उसने राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप को प्राथमिकता दी। परमार ने कहा कि कांग्रेस सरकार कानून-व्यवस्था, बेरोजगारी और वित्तीय प्रबंधन जैसे मुद्दों पर विफल रही है। उन्होंने चुनावी गारंटियों, रोजगार और महिलाओं से किए गए वायदों पर भी सरकार से जवाब मांगा। उन्होंने कहा कि भाजपा हिमाचल के हितों और विकास के लिए प्रतिबद्ध है तथा कांग्रेस सरकार को अपनी नाकामियों का हिसाब जनता के सामने रखना चाहिए।

