कांग्रेस सरकार ने पांगी घाटी के लोगों के साथ किया भेदभाव : जयराम
punjabkesari.in Friday, Oct 13, 2023 - 09:07 PM (IST)

पांगी (वीरू): प्रदेश की कांग्रेस सरकार ने पांगी घाटी के लोगों के साथ भेदभाव किया है। भाजपा सरकार द्वारा प्रदेश भर में 1000 के करीब शिक्षण संस्थान समेत अन्य संस्थान खोले गए थे लेकिन कांग्रेस ने सत्ता संभालते ही पहली कैबिनेट बैठक से उन सभी संस्थानों को बंद करने का अभियान शुरू कर दिया। यह बात नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने पांगी में कही। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू बदले की भावना से काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा को कांग्रेस हमेशा कर्जे को लेकर बात करती आ रही है लेकिन कांग्रेस नेता नहीं जानते हैं कि पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय वीरभद्र सिंह की सरकार भाजपा पर 50 करोड़ का कर्ज छोड़कर गई थी। जिस पर भी सत्ता संभालने के बाद भाजपा द्वारा 30 करोड़ का कर्ज चुकाया गया है। भाजपा सरकार ने अपने कार्यकाल में प्रदेश में विकास कार्य किए थे
जिन्होंने वोट देकर सांसद बनाया, उनका अभार जताने नहीं आईं प्रतिभा सिंह
जयराम ठाकुर ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह पर निशाना साधते हुए कहा कि पांगी घाटी की जनता ने उन्हें वोट देकर अपना सांसद बनाया है, लेकिन चुनाव को 2 साल बीत जाने के बावजूद मंडी सांसद अभी तक घाटी की जनता का धन्यवाद करने नहीं पहुंची पाई हैं। अब जैसे ही लोकसभा चुनाव नजदीक आए तो फिर से मंडी सांसद को पंगवाल समुदाय की याद आ गई है। पांगी घाटी में कई स्वास्थ्य संस्थानों को प्रदेश कांग्रेस सरकार द्वारा बंद किया गया है। पांगी घाटी की भौगोलिक स्थिति को देखते हुए भाजपा सरकार द्वारा उन संस्थानों को खोला गया था। पांगी की कई ऐसी पंचायतों में स्वास्थ्य केंद्र खोले गए थे, जहां पर चिकित्सक भी लोगों को सेवाएं देने के लिए तैनात कर दिए थे लेकिन उन स्वास्थ्य केंद्रों को भी कांग्रेस सरकार की ओर से बंद कर दिया गया है।
सांसद को 10 गारंटियां जरूर याद दिलाना
रामलीला मैदान में जनता को संबोधित करते हुए जयराम ठाकुर ने कहा कि अब फिर से मंडी लोकसभा क्षेत्र की सांसद व हिमाचल प्रदेश की कांग्रेस अध्यक्ष घाटी के दौरे पर आ रही हैं तो उन्हें एक बार कांग्रेस द्वारा विधानसभा चुनावों के दौरान दी गई 10 गारंटियों की जरूर याद दिलाना। इससे पहले किलाड़ पहुंचने पर भाजपा कार्यकर्ताओं समेत पांगी घाटी के लोगों ने पंगवाली वेशभूषा में जयराम ठाकुर का स्वागत किया। इस अवसर पर भरमौर-पांगी के विधायक डाॅ. जनक राज भी मौजूद रहे।
हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here