Kullu: जयराम ठाकुर ने साधा निशाना, बाेले-हिमाचल में सरकार का ''इकबाल'' खत्म, पैसों के बंटवारे के लिए आपस में भिड़ रहे मंत्री

punjabkesari.in Friday, Jan 16, 2026 - 07:18 PM (IST)

कुल्लू: हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने शुक्रवार को कुल्लू में कांग्रेस सरकार पर तीखा हमला बोला। भाजपा संयुक्त मोर्चा सम्मेलन को संबोधित करते हुए जयराम ठाकुर ने कहा कि हिमाचल में सरकार का इकबाल पूरी तरह खत्म हो चुका है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में मंत्री और नौकरशाह आमने-सामने हैं, जबकि कुछ प्रभावशाली अधिकारी सरकार को अपनी उंगलियों पर नचा रहे हैं।

झूठी गारंटियों से हथियाई सत्ता, जनता महसूस कर रही ठगा हुआ
जयराम ठाकुर ने केंद्र और राज्य सरकार की तुलना करते हुए कहा कि एक तरफ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जनहितैषी नीतियों के कारण केंद्र सरकार तीसरी बार सत्ता में लौटी है और जनता के दिलों पर राज कर रही है। वहीं दूसरी तरफ, हिमाचल में कांग्रेस ने झूठी गारंटियों के सहारे सत्ता तो हथिया ली, लेकिन आज जनता खुद को ठगा हुआ महसूस कर रही है।

विकास ठप्प, मित्रों का घर भरने में कांग्रेसी व्यस्त 
नेता प्रतिपक्ष ने प्रदेश में रुके हुए विकास कार्यों पर चिंता जताते हुए कहा कि आज हिमाचल में विकास पूरी तरह ठप्प है। कांग्रेस कल्चर केवल बंदरबांट तक सीमित रह गया है। नेताओं को केवल अपने मित्रों का घर भरने की चिंता है, जबकि आम जनता मूलभूत सुविधाओं के लिए तरस रही है। उन्होंने मंत्रियों पर निशाना साधते हुए कहा कि वे जनसेवा के बजाय केंद्र से मिलने वाली वित्तीय सहायता के बंटवारे को लेकर आपस में भिड़ रहे हैं, जो प्रदेश के लिए अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है।

अधिकारियों के हाथ में सरकार का रिमोट कंट्रोल
मुख्यमंत्री पर सीधा हमला बोलते हुए जयराम ठाकुर ने कहा कि कुछ प्रभावशाली अधिकारी घंटों मुख्यमंत्री के पास बैठे रहते हैं और वे ही सरकार चला रहे हैं। मुख्यमंत्री और मंत्रिमंडल का प्रशासन पर से नियंत्रण हट चुका है। मंत्री काम न होने पर अधिकारियों को दोषी ठहरा रहे हैं तो अधिकारी मंत्रियों की सुनने को तैयार नहीं हैं। विरोधाभासी बयानों और प्रशासनिक विफलता के कारण वर्तमान सरकार प्रदेश में एक मजाक बनकर रह गई है।

कार्यकर्ताओं को टास्क, घर-घर जाकर बेनकाब करें झूठ
सम्मेलन के दौरान जयराम ठाकुर ने भाजपा कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों को कड़े निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस और उसके गठबंधन द्वारा जनहितकारी योजनाओं (जैसे विकसित भारत रोजगार एवं आजीविका गारंटी मिशन) के खिलाफ फैलाए जा रहे भ्रम और झूठ को तथ्यात्मक रूप से जनता के सामने बेनकाब करें। उन्होंने कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि वे घर-घर जाकर केंद्र की नीतियों का प्रचार करें और प्रदेश सरकार की 3 साल की विफलताओं को जन-जन तक पहुंचाएं।

सम्मेलन में ये रहे मौजूद
इस अवसर पर पूर्व मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर, बंजार के विधायक सुरेंद्र शौरी, प्रभारी बिहारी लाल शर्मा, जिलाध्यक्ष अमित सूद, नरोत्तम ठाकुर, प्रदेश प्रवक्ता अखिलेश कपूर, पूर्व जिला अध्यक्ष भीम सेन शर्मा और अन्य वरिष्ठ पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News