शिमला में कांग्रेस पर बरसे जयराम, बोले-आदर्श चुनाव आचार संहिता का हुआ उल्लंघन

punjabkesari.in Tuesday, Mar 19, 2024 - 04:36 PM (IST)

शिमला (कुलदीप): नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने शिमला में पत्रकार वार्ता के दौरान प्रदेश की कांग्रेस सरकार पर हमला बोला है। उन्होंने सरकार पर आदर्श चुनाव आचार संहिता उल्लंघन का आरोप लगाया है। उन्होंने बताया कि भाजपा ने चुनाव आयोग से 2 शिकायतें की हैं। पहली शिकायत इंदिरा गांधी प्यारी बहना सुख सम्मान निधि योजना को 1 अप्रैल से लागू नहीं करने और दूसरे सरकारी होर्डिंग को तुरंत हटाए जाने की मांग की है। जयराम ठाकुर ने आरोप लगाया कि महिलाओं से 1500 रुपए देने के लिए फार्म ठीक उसी तरीके से भरवाए जा रहे हैं, जैसे विधानसभा चुनाव के समय करवाया गया। उन्होंने भगवान श्रीराम के नाम पर लोगों की तरफ से निजी तौर पर लगाए गए होर्डिंग को हटाए जाने पर आपत्ति जताई। उधर, मुख्य निर्वाचन अधिकारी मनीष गर्ग ने कहा कि इन शिकायतों को देखा जाएगा।

मंडी से भाजपा के पास कई सक्षम प्रत्याशी
जयराम ठाकुर ने कहा कि मैं पार्टी से मिले दायित्व (नेता प्रतिपक्ष) को निभा रहा हूं। जहां तक मंडी संसदीय क्षेत्र से चुनाव लड़ने की बात है तो उसके लिए भाजपा के पास कई सक्षम प्रत्याशी मौजूद हैं। वैसे भी मौजूदा सियासी हालात में कांग्रेस और भाजपा की तरफ से सीटिंग विधायकों को टिकट मिलना मुश्किल है। उन्होंने स्पष्ट किया कि ये उनकी व्यक्तिगत राय है। इस अवसर पर विपिन सिंह परमार एवं सतपाल सिंह सत्ती सहित कई भाजपा विधायक व पार्टी पदाधिकारी मौजूद थे। नेता प्रतिपक्ष ने दावा किया कि यदि लोकसभा के साथ 6 विधानसभा क्षेत्र के उपचुनाव भी हुए तो उसे भी भाजपा जीतेगी।

कांग्रेस के 6 बागियों को मिलेगा सम्मानजनक स्थान
जयराम ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस के जिन 6 बागियों ने राज्यसभा चुनाव जिताने में भाजपा की मदद की है, उनको सम्मानजनक स्थान मिलेगा। इन नेताओं को पार्टी में शामिल करना और टिकट देने पर अंतिम निर्णय आलाकमान करेगा। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि 6 नेताओं के भाजपा में शामिल होने से किसी तरह की नाराजगी पैदा नहीं होगी। उन्होंने कहा कि ये नेता जब विधायक थे तो उनको जलील किया जा रहा था। इस तरह की जलालत कई अन्य नेताओं को भी झेलनी पड़ रही है। उन्होंने कहा कि आज हालात यह हैं कि मंत्री रोते हुए कैबिनेट बैठक से बाहर आ रहे तथा कांग्रेस अध्यक्ष की तरफ से उठाए जाने वाले मामलों की सरकार के स्तर पर सुनवाई नहीं होती।

9 विधायकों से जुड़े मामले पर भाजपा ने रखा पक्ष
जयराम ठाकुर ने कहा कि भाजपा ने 9 विधायकों से जुड़े मामले पर विधानसभा अध्यक्ष के समक्ष अपना पक्ष रखा है। उन्होंने उम्मीद जताई कि अब यह विषय समाप्त हो जाना चाहिए। सीएए को लेकर पूछे प्रश्न के उत्तर में उन्होंने कहा कि इससे संबंधित संशोधन पहले ही संसद से पारित हो चुका है। उन्होंने कहा कि महीने में 1 बार मंत्रिमंडल बैठक करने वाली सरकार ने चुनाव घोषणा से पहले धड़ाधड़ मंत्रिमंडल बैठकें की।
हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Recommended News

Related News