जयराम ठाकुर ने साधा निशाना, बोले-कांग्रेस ने हमेशा दिया भ्रष्टाचार को बढ़ावा
punjabkesari.in Thursday, Nov 16, 2023 - 11:59 PM (IST)

शिमला (ब्यूरो): हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस ने हमेशा भ्रष्टाचार को बढ़ावा दिया और देश के लोगों से झूठ बोला। देश के गरीबों और वंचितों के विकास के बजाय कांग्रेस ने भ्रष्टाचार को बढ़ावा दिया है। 5 वर्ष सरकार चलाने वाले कांग्रेस के 2 मुख्यमंत्रियों के नाम गूगल पर सर्च किए जाएं तो उनके नाम पर सिर्फ महादेव घोटाला और लाल डायरी का जिक्र आता है। कांग्रेस के नेताओं ने भगवान महादेव के नाम पर भी भ्रष्टाचार किया।
नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में ऐतिहासिक विकास हुआ
जयराम ठाकुर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में ऐतिहासिक विकास हुआ। साढ़े 9 साल के कार्यकाल में एक भी नए पैसे के भ्रष्टाचार का आरोप कोई नहीं लगा पाया है। यह केवल मोदी के भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरैंस की नीति के कारण हुआ है। उन्होंने कहा कि आज पूरे हिमाचल प्रदेश के लोग कांग्रेस के झूठ की वजह से परेशान हैं। स्थानीय नेता लोगों के बीच जाने से बच रहे हैं। इसका कारण है कांग्रेस की 10 झूठी गारंटियां हैं। इन गारंटियों को कांग्रेस के बड़े-बड़े नेताओं ने हिमाचल के विधानसभा चुनावों में बड़े जोर शोर से दिया था।
कांग्रेस की सभी गारंटियां झूठी
जयराम ठाकुर ने कहा कि हिमाचल में कांग्रेस की सभी गारंटियां झूठी साबित हुई हैं। 11 महीने पहले हिमाचल प्रदेश के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने जो गारंटियां दी थीं वे अब राजस्थान, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, मिजोरम और तेलंगाना में भी दी जा रही हैं। हर जगह के लोग कांग्रेस के बड़े नेताओं से पूछ रहे हैं कि हिमाचल की तरह ही गारंटियां कहां गईं।
हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here