विधानसभा चुनाव में लोगों को झूठी गारंटियां देकर ठग रही कांग्रेस सरकार : जयराम
punjabkesari.in Thursday, Nov 09, 2023 - 10:10 PM (IST)

शिमला (कुलदीप): नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने आरोप लगाया कि कांग्रेस पार्टी विधानसभा चुनाव में लोगों को झूठी गारंटियां देकर ठग रही है। उन्होंने कहा कि वर्तमान हिमाचल प्रदेश सरकार हर महीने 1000 करोड़ कर्ज ले रही है लेकिन विकास के नाम पर एक भी पत्थर नहीं रखा। जयराम ठाकुर ने यहां जारी बयान में कहा कि अब देश के अलग-अलग राज्यों में हो रहे लोकसभा चुनाव में इसी तरह गारंटी देकर देशभर में लोगों को ठगना चाह रही है। उन्होंने कहा कि अब लोग समझ गए हैं, उन्हें बार-बार धोखा नहीं दिया जा सकता है।
कांग्रेस ने प्रदेश की आर्थिकी को पहुंचाया भारी नुक्सान
जयराम ने कहा कि कांग्रेस नेताओं ने हिमाचल प्रदेश में महिलाओं को प्रतिमाह 1500 रुपए देने की झूठी गारंटी दी तथा चुनाव के समय उनसे फर्जी फॉर्म भरवाए गए। चुनाव के समय कांग्रेस सभी गारंटियों को तत्काल लागू करने का दावा कर रही थी लेकिन अब तक 1 वर्ष में 1 भी गारंटी पूरी नहीं हो पाई है। इससे लोगों में सरकार के प्रति नाराजगी एवं असंतोष है तथा इसी कारण हिमाचल प्रदेश विकास की दौड़ में पिछड़ता जा रहा है। उन्होंने कहा कि आज सोशल मीडिया का समय है और कांग्रेस का झूठ ज्यादा दिन नहीं टिक पाएगा। कांग्रेस पार्टी को लोकसभा चुनाव में अपने झूठ का जवाब मिल जाएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने प्रदेश की आर्थिकी को भारी नुक्सान पहुंचाया है। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान सरकार नए काम तो शुरू नहीं कर पाई लेकिन पहले से चल रहे विकास कार्यों पर भी विराम लग गया है।
हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here