जयराम ठाकुर ने साधा निशाना, बोले-कांग्रेस को चुनावों में मिलेगा मातृशक्ति का श्राप
punjabkesari.in Saturday, Nov 04, 2023 - 06:23 PM (IST)

मंडी (रजनीश): पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस पार्टी ने झूठ बोलकर सत्ता हथियाई है और झूठ बोलकर ही सरकार भी चला रहे हैं। इस झूठ का आने वाले लोकसभा चुनावों में पटाक्षेप होने वाला है। महिलाओं के साथ 1500 रुपए प्रतिमाह का जो झूठा वायदा किया था उसका खमियाजा कांग्रेस पार्टी को भुगतना पड़ेगा। हिमाचल प्रदेश में झूठ बोलने पर कांग्रेस पार्टी को महिला शक्ति का श्राप लगेगा। चुनावों में महिलाओं की भूमिका अहम रहती है और महिलाएं कांग्रेस के झूठ को भलीभांति जान चुकी हैं।
व्यवस्था परिवर्तन का नारा देने वाली सरकार बदले की भावना से कर रही काम
जयराम ठाकुर ने कहा कि देवभूमि में झूठ बोलकर ये कांग्रेस सरकार सत्ता चलाना चाहती है। 11 महीने की इस सरकार ने 11 हजार करोड़ से अधिक का लोन ले लिया है। पूरा मंडी को खंडहर बना दिया। व्यवस्था परिवर्तन का नारा देने वाली ये सरकार बदले की भावना से काम कर रही है। मंडी में 250 करोड़ की लागत से हमने शिवधाम का काम शुरू किया था, जिसमें 40 करोड़ से अधिक खर्च हो चुका है लेकिन 11 महीने से वहां निर्माण अधर में ही लटका है। मंडी में हमने दूसरी यूनिवर्सिटी खोली लेकिन उसे भी बंद करने की साजिश रची जा रही है। कांग्रेस के नेता बताएं कि विकास के नाम पर कहीं एक ईंट भी इन 11 महीनों में लगा पाएं हैं क्या?
हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here