सरकार श्वेत पत्र लाई तो भाजपा तथ्यों के साथ देगी जवाब : जयराम

punjabkesari.in Thursday, Mar 02, 2023 - 06:32 PM (IST)

शिमला (कुलदीप): नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा है कि यदि कांग्रेस सरकार श्वेत पत्र लाती है, तो भाजपा तथ्यों के साथ उसका जवाब देगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश की खराब वित्तीय हालत के लिए अधिकांश समय सत्ता में रहे कांग्रेस पार्टी जिम्मेदार है। जयराम ठाकुर यहां त्रिपुरा, नागालैंड और मेघालय विधानसभा चुनाव में भाजपा को मिली जीत के बाद मनाए गए जश्न के दौरान पत्रकारों से अनौपचारिक बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि सरकार कुछ निगम एवं बोर्ड के विलय का इसलिए हवाला दे रही है ताकि सीपीएस व कैबिनेट रैंक बनाए जाने के कारण उपजे विवाद को शांत किया जा सके। 

सबसे सस्ता था पूर्व भाजपा सरकार का हैलीकॉप्टर
जयराम ठाकुर ने प्रदेश सरकार की तरफ से नए हैलीकॉप्टर की सेवाएं लेने को लेकर पूछे गए प्रश्न के उत्तर में कहा कि देश में सबसे सस्ता पूर्व भाजपा सरकार का हैलीकॉप्टर था। उन्होंने कहा कि पूर्व सरकार के समय सवाल उठाने वाली कांग्रेस शायद यह भूल गई है कि अब मुख्यमंत्री के अलावा उपमुख्यमंत्री और दूसरे नेता हैलीकॉप्टर में घूम रहे हैं।

सत्ता परिवर्तन के बाद ठप्प पड़े विकास कार्य
जयराम ठाकुर ने कहा कि प्रदेश में सत्ता परिवर्तन के बाद विकास कार्य ठप्प पड़े हैं। उन्होंने कहा कि जब वह कांगड़ा प्रवास पर गए तो लोगों ने विकास की गति धीमी पडऩे की बात कही। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार के समय में शुरू की गई जनकल्याणकारी योजनाओं में विघ्न डालने का प्रयास किया जा रहा है।

भाजपा की जीत पर बांटे लड्डू, जयराम भी हुए शामिल
त्रिपुरा, नागालैंड और मेघालय विधानसभा चुनाव में भाजपा को मिली जीत के बाद मनाए गए जश्न में नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर शामिल हुए। जयराम ठाकुर ने इस जीत के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा एवं केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को बधाई दी। इस दौरान भाजपा कार्यकर्ता शेर-ए-पंजाब पर एकत्र हुए तथा नारेबाजी करने के अलावा लड्डू वितरित किए। भाजपा विधायक त्रिलोक जम्वाल, रणधीर शर्मा, राकेश जम्वाल, डीएस ठाकुर, हंसराज, पूर्व मंत्री सुरेश भारद्वाज, भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष पायल वैद्य, कोषाध्यक्ष संजय सूद, सह मीडिया प्रभारी कर्ण नंदा, मोहिंद्र धर्माणी, राजेश शारदा, विजय परमार, अनिला कश्यप, संजय सूद, गणेश दत्त व गगन लखनपाल सहित अन्य नेता व कार्यकर्ता इस अवसर पर उपस्थित थे।

हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Recommended News

Related News