''सुक्खू सरकार का एकमात्र एजैंडा कुर्सी बचाना, जनहित से नहीं कोई सरोकार'', जयराम ठाकुर ने साधा निशाना

punjabkesari.in Saturday, Sep 05, 2026 - 06:29 PM (IST)

सुंदरनगर/मंडी (सोढी): नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार जनहित के मुद्दों से पूरी तरह भटक चुकी है। मुख्यमंत्री का एकमात्र एजैंडा अपनी कुर्सी बचाना रह गया है, जबकि प्रदेश की जनता सड़कों, बेरोजगारी, कर्मचारियों और बुनियादी सुविधाओं की समस्याओं से जूझ रही है। सुंदरनगर में शनिवार को पत्रकारों से बातचीत में जयराम ठाकुर ने कहा कि सरकार करीब 4 साल से गिरते-पड़ते चल रही है और मुख्यमंत्री को लगातार अपनी सरकार बचाने की चिंता सता रही है। 

कैग रिपोर्ट को लेकर कटघरे में खड़ी की सरकार
जयराम ठाकुर ने हाल ही में सामने आई कैग रिपोर्ट को लेकर भी सरकार को कटघरे में खड़ा किया। उन्होंने कहा कि रिपोर्ट में प्रदेश के वित्तीय प्रबंधन को लेकर कई गंभीर तथ्य सामने आए हैं। भाजपा रिपोर्ट के प्रत्येक पहलू और आंकड़े का गहन अध्ययन कर रही है। उन्होंने कहा कि अध्ययन पूरा होने के बाद तथ्यों और प्रमाणों के साथ प्रदेश की जनता के सामने सरकार के वित्तीय कुप्रबंधन और कथित अनियमितताओं को रखा जाएगा। 

खस्ताहाल सड़कों को लेकर भी साधा निशाना
प्रदेश की खस्ताहाल सड़कों को लेकर भी नेता प्रतिपक्ष ने सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि मंडी सहित पूरे प्रदेश में सड़कें बदहाल हैं। जयराम ठाकुर ने दावा किया कि प्रदेश की जनता कांग्रेस सरकार की नीतियों से तंग आ चुकी है और आगामी विधानसभा चुनाव में सत्ता परिवर्तन का मन बना चुकी है। उन्होंने पंचायती राज और स्थानीय निकाय चुनावों के परिणामों का हवाला देते हुए कहा कि जनता का रुझान स्पष्ट रूप से सामने आ गया है। इस अवसर पर भाजपा के मुख्य प्रवक्ता एवं विधायक राकेश जम्वाल भी मौजूद रहे।

हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News