भाजपा सरकार के कार्यकाल में राज्य पर था 69600 करोड़ का कर्ज : जयराम

punjabkesari.in Friday, Feb 17, 2023 - 06:49 PM (IST)

शिमला (कुलदीप): नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि भाजपा सरकार का कार्यकाल पूरा होने पर राज्य पर 69600 करोड़ रुपए का कर्ज था। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार ने विधायक क्षेत्र विकास निधि की अंतिम किस्त के अलावा डीसी के माध्यम से मिलने वाले धन को भी रोका है। यह बात उन्होंने पत्रकारों से अनौपचारिक बातचीत में कही। उन्होंने कहा कि 10 गारंटियों को पूरा करना कांग्रेस सरकार की जिम्मेदारी है, ऐसे में कर्ज को लेकर मजाक का विषय नहीं बनाया जाना चाहिए। 

स्वर्गीय वीरभद्र सिंह के नेतृत्व वाली सरकार से कम कर्ज लिया
जयराम ठाकुर ने कहा कि कभी कांग्रेस सरकार 75 हजार करोड़ रुपए और कभी 95 हजार करोड़ रुपए कर्ज जोड़ देती है जबकि सच्चाई यह है कि वर्तमान सरकार ने दिसम्बर में 1000 करोड़ रुपए, जनवरी में 1500 करोड़ रुपए और फरवरी में 2000 करोड़ रुपए कर्ज ले रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने स्वर्गीय वीरभद्र सिंह के नेतृत्व वाली सरकार से कम कर्ज लिया है। उन्होंने कहा कि संस्थानों को बंद करने के खिलाफ भाजपा का हस्ताक्षर अभियान जारी है तथा आने वाले समय में मंडल से लेकर जिला स्तर पर विरोध प्रदर्शन भी किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार ने संस्थानों को जनता की मांग और विभागों की तरफ से आए प्रस्तावों के आधार पर खोले थे।

राज्य पर हर साल चढ़ जाएगा 18000 करोड़ रुपए का कर्ज : कश्यप 
हिमाचल प्रदेश अध्यक्ष सुरेश कश्यप ने कहा कि वर्तमान सरकार अब तक 4500 करोड़ रुपए कर्ज ले चुकी है, ऐसे में जिस रफ्तार से कांग्रेस सरकार कर्ज ले रही है, उससे राज्य पर हर साल 18000 करोड़ रुपए का कर्ज चढ़ जाएगा। उन्होंने कहा की कांग्रेस 10 गारंटियों का छलावा देकर सत्ता में आई है, जो पूरी होती नजर नहीं आ रही हैं। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार की दूसरी कैबिनेट बैठक से जनता को बहुत उम्मीदें थीं लेकिन कांग्रेस की गारंटियों को लेकर कुछ नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि युवाओं को 5 लाख रोजगार देने का वायदा करने वाली कांग्रेस सरकार अब 20 हजार नौकरियों की बात पर आ गई है। इसी तरह प्रदेश के विद्युत उपभोक्ताओं को 300 यूनिट मुफ्त बिजली देने का वायदा पूरा होता नजर नहीं आ रहा है। 

हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Recommended News

Related News