पूर्व यूपीए सरकार के घोटालों के जिक्र पर उखड़ा विपक्ष, सदन से किया वॉकआऊट

punjabkesari.in Friday, Mar 13, 2020 - 11:14 PM (IST)

शिमला (ब्यूरो): विधायक राजेश ठाकुर ने जब पूर्व यूपीए सरकार के सत्ता पर रहते हुए घोटालों का एक-एक कर जिक्र किया तो विपक्ष के सदस्यों ने खड़े होकर जबरदस्त तरीके से विरोध किया और विरोधस्वरूप सभी सदस्य सदन से बाहर चले गए और वॉकआऊट कर दिया। विपक्ष के सदस्यों का कहना था कि सदस्य बजट पर चर्चा करें। अध्यक्ष विपिन सिंह परमार ने सदस्यों से कहा कि सदस्य सीट पर बैठें। इसके बाद सदन की कार्यवाही आगे बढ़ी। विधानसभा में शुक्रवार को बजट पर चर्चा जारी रही। विधानसभा अध्यक्ष ने 2 बार चर्चा के लिए सदन की कार्यवाही का समय बढ़ाया और रात 9 बजे तक चर्चा का दौर चला।

शनिवार को बजट चर्चा का जवाब देंगे मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर शनिवार को बजट चर्चा का जवाब देंगे। विधायक हर्षवर्धन चौहान ने शुक्रवार को चर्चा की शुरूआत करते हुए कहा कि सरकार प्रदेश की आर्थिक स्थिति पर श्वेत पत्र जारी कर सदन के पटल पर रखे। विधायक ने कहा कि सरकार अब तक 12,770 करोड़ रुपए का कर्ज ले चुकी है । चीफ  व्हिप नरेंद्र बरागटा ने कहा कि मुख्यमंत्री ने लगातार तीसरी बार टैक्स फ्री बजट पेश किया है। उन्होंने कहा कि आर्थिक मंदी में सेब ने प्रदेश की लाज रखी है। चर्चा में विधायक नरेंद्र ठाकुर, विनय कुमार, विनोद कुमार, आशीष बुटेल, किशोरी लाल, हीरालाल, पवन नैय्यर, सुंदर सिंह ठाकुर, अर्जुन सिंह, रीता धीमान, रीना कश्यप, सुरेंद्र शौरी व जवाहर ठाकुर सहित अन्य सदस्यों ने भाग लिया।

जो पैक करके लाएगा उसका क्या : शांडिल

विधायक कर्नल धनीराम शांडिल ने कहा कि आज बेरोजगारी चरम सीमा पर है। महंगाई भी चिंता का विषय है। शांडिल ने कहा कि कहा जा रहा है कि न खाऊंगा, न खाने दूंगा लेकिन जो पैक करके ले जाएगा, उसका क्या कर सकते हैं। 

विधायक अरुण कुमार की टिप्पणी पर गरमाया सदन

विधायक अरुण कुमार ने चर्चा में भाग लेते हुए विधायक सुखविंदर सिंह सुक्खू का नाम लेकर एक टिप्पणी की, जिससे सदन का माहौल गरमा गया और कुछ समय तक हंगामा होता रहा। उसके बाद सभापति रमेश धवाला ने व्यवस्था दी, जिसके बाद सदन की कार्यवाही आगे बढ़ी। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Vijay

Recommended News

Related News