''नारे लगाने वाले महिला आरक्षण पर पीछे हटे, विपक्ष के दोहरे चरित्र को जान चुकी है जनता'', भाजपा नेता का तंज

punjabkesari.in Wednesday, Apr 22, 2026 - 02:34 PM (IST)

Nahan News : भारतीय जनता पार्टी (BJP) के वरिष्ठ नेता बलदेव तोमर ने ‘नारी शक्ति वंदन विधेयक' को लेकर कांग्रेस एवं विपक्षी गठबंधन की तीखी आलोचना की और कहा कि यह केवल एक विधेयक नहीं है, बल्कि भाजपा की मूल विचारधारा और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की महिला सशक्तिकरण के प्रति प्रतिबद्धता का प्रतीक है।

'यह महिलाओं के अधिकारों के साथ सीधा विश्वासघात'

बलदेव तोमर ने कहा कि मोदी सरकार ने महिलाओं को केवल योजनाओं के लाभार्थियों के रूप में ही नहीं, बल्कि देश के विकास में सबसे आगे रखा है। उन्होंने कहा कि आज महिलाएं जिस तरह से हर क्षेत्र में नेतृत्व करती दिख रही हैं, वह भाजपा सरकार की दूरदर्शी नीतियों का परिणाम है।‘स्वच्छ भारत अभियान' से लेकर ‘उज्ज्वला योजना' तक, हर पहल ने महिलाओं की गरिमा, स्वास्थ्य और आत्मनिर्भरता को केंद्र में रखा है। उन्होंने कहा कि जिन मुद्दों को पहले अनदेखा किया जाता था, वे अब राष्ट्रीय प्राथमिकता बन गये हैं। कांग्रेस पर हमला करते हुए उन्होंने कहा कि जिस दल ने 50 वर्षों तक महिला आरक्षण की बात की, उसमें इसे लागू करने का साहस कभी नहीं था। जब भाजपा सरकार ने इसे लागू करने का प्रयास किया, तो राजनैतिक स्वार्थ से प्रेरित विपक्ष ने इस ऐतिहासिक पहल में बाधा डाली। यह महिलाओं के अधिकारों के साथ सीधा विश्वासघात है।

'कांग्रेस पार्टी भाई-भतीजावाद की राजनीति में फंसी हुई'

तोमर ने कहा कि भाजपा ने अपने संगठन के भीतर महिलाओं को सम्मानजनक भागीदारी दी है, जबकि कांग्रेस पार्टी भाई-भतीजावाद और सीमित अवसरों की राजनीति में फंसी हुई है। भाजपा में महिलाओं को योग्यता के आधार पर आगे बढ़ने का अवसर मिलता है, जो आज स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहा है। विपक्ष पर कटाक्ष करते हुए उन्होंने कहा कि जो लोग महिलाओं के नाम पर नारे लगाते हैं, वे उन्हें वास्तविक अधिकार देने की बात आने पर पीछे हट जाते हैं। तोमर ने कहा कि इस दोहरे चरित्र को अब देश की महिलाएं अच्छी तरह समझ चुकी हैं। उन्होंने कहा कि देश की महिलाएं अब जागरूक और सशक्त हैं; वे अपने अधिकारों के साथ समझौता नहीं करेंगी। भविष्य में महिलाएं इस मुद्दे पर अपनी स्पष्ट राय व्यक्त करेंगी और उन शक्तियों को जवाब देंगी जिन्होंने वर्षों तक उनके अधिकारों को रोक कर रखा।

अंत में उन्होंने कहा कि एक ओर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली भाजपा है, जो महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए ठोस कदम उठा रही है, वहीं दूसरी ओर कांग्रेस और उसके सहयोगी दल हैं, जो केवल राजनैतिक लाभ के लिए महिलाओं के मुद्दों का फायदा उठाते हैं। उन्होंने कहा, 'देश की जनता इस अंतर को समझती है और समय आने पर उचित जवाब देगी।' 


 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Swati Sharma

Related News