Himachal: 12 बीघा भूमि पर लहलहाते मिले अफीम के 4.32 लाख पौधे, STF ने की बड़ी कार्रवाई

punjabkesari.in Wednesday, May 20, 2026 - 01:02 PM (IST)

कुल्लू (संजीव): हिमाचल प्रदेश में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत स्पैशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) कुल्लू ने एक बड़ी कामयाबी हासिल की है। एसटीएफ की टीम ने जिला कुल्लू के बंजार उपमंडल में छापेमारी कर भारी मात्रा में अवैध रूप से की जा रही अफीम की खेती का भंडाफोड़ किया है। 

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार एसटीएफ कुल्लू को गुप्त सूचना मिली थी कि बंजार तहसील के बठाहड़ एरिया के मशियार गांव में बड़े पैमाने पर अफीम की खेती की जा रही है। सूचना को पुख्ता करने के बाद डीएसपी हेमराज वर्मा की अगुवाई में एसटीएफ की 2 टीमों का गठन किया गया और इलाके में दबिश दी गई। जब टीम मौके पर पहुंची तो वहां 30 सीढ़ीनुमा खेतों (लगभग 12 बीघा निजी भूमि) में अफीम की फसल लहलहाती पाई गई। टीम ने तुरंत कड़ी कार्रवाई करते हुए मौके पर ही 4,32,522 अफीम के पौधों को उखाड़कर नष्ट कर दिया। इस संबंध में बंजार पुलिस थाने में आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी गई है।

अब तक 10 लाख से ज्यादा पौधे किए नष्ट

नशा माफिया के खिलाफ एसटीएफ कुल्लू लगातार आक्रामक रुख अपनाए हुए है। आंकड़ों के मुताबिक एसटीएफ अब तक कुल 37 बीघा निजी भूमि पर अवैध रूप से उगाए गए 10,58,985 अफीम के पौधों को नष्ट कर चुकी है। अफीम की खेती के इस अवैध धंधे में शामिल विभिन्न लोगों के खिलाफ अब तक 10 मामले दर्ज किए जा चुके हैं।

डीएसपी की अपील-नशे की सूचना दें, पहचान रहेगी गुप्त

इस बड़ी कार्रवाई के बाद डीएसपी हेमराज वर्मा ने आम जनता से सहयोग की अपील की है। उन्होंने नागरिकों से आग्रह किया है कि यदि उन्हें अपने आसपास किसी भी प्रकार के नशे से संबंधित या अवैध खेती की गतिविधियों की जानकारी मिलती है, तो वे तुरंत पुलिस के टोल-फ्री नंबर 112 पर या अपने नजदीकी पुलिस थाने में इसकी सूचना दें। डीएसपी ने आश्वस्त किया है कि सूचना देने वाले व्यक्ति का नाम और पहचान पूरी तरह से गुप्त रखी जाएगी।

हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News