हमीरपुर में भीषण सड़क हादसा, 2 बाइकों की टक्कर में एक शख्स की मौत; 4 घायल

punjabkesari.in Thursday, Jun 18, 2026 - 02:18 PM (IST)

Hamirpur Road Accident : हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर जिले में बुधवार रात को एक बड़ा सड़क हादसा हुआ। यहां दो बाइकों के बीच हुई भिड़ंत में एक व्यक्ति की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि चार अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

जानकारी के मुताबिक, हादसा जिले के नेशनल हाईवे 103 पर अमरोह क्षेत्र में हुआ। मृतक की पहचान केवल कुमार निवासी गांव दरबेली (हमीरपुर) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि बुधवार रात करीब साढ़े नौ बजे एक मोटरसाइकिल अमरोह की तरफ जाने के लिए आधा से ज्यादा सड़क मार्ग पार कर चुकी थी। इसी दौरान नादौन की तरफ से आ रही एक अन्य मोटरसाइकिल ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। चीख-पुकार सुनकर मौके पर पहुंचे स्थानीय लोगों ने तुरंत सभी घायलों को मेडिकल कॉलेज हमीरपुर पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद केवल कुमार की गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें एम्स बिलासपुर रेफर कर दिया। एम्स बिलासपुर के डॉक्टरों ने भी उनकी हालत को बेहद नाजुक पाते हुए पीजीआई चंडीगढ़ के लिए आगे रेफर किया, लेकिन पीजीआई ले जाते समय रास्ते में ही केवल कुमार ने दम तोड़ दिया। फिलहाल, अन्य चार घायलों का उपचार अस्पताल में चल रहा है।

जांच में जुटी पुलिस

इधर, घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच में जुट गई है। पुलिस अधीक्षक हमीरपुर बलवीर सिंह ने मामले की पुष्टि कर दी है। बताया जा रहा है कि दुर्घटना का शिकार हुई एक मोटरसाइकिल पर तीन लोग सवार थे, जबकि दूसरी बाइक पर दो लोग बैठे हुए थे।

प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें  
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Swati Sharma

Related News