हमीरपुर में पैसों के लेन-देन को लेकर विवाद! स्कूटी सवार ने सड़क पर घसीटा युवक

punjabkesari.in Thursday, Oct 08, 2026 - 11:42 AM (IST)

हमीरपुर (अजय): राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान हमीरपुर के समीप गरने दा गलू इलाके में बुधवार शाम दो युवकों के बीच हिंसक विवाद का मामला सामने आया है। विवाद के दौरान एक स्कूटी सवार ने दूसरे युवक को जानबूझकर सड़क पर काफी दूर तक घसीटा और उसे लहूलुहान हालत में छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने घायल युवक को अस्पताल में भर्ती कराकर मामले की सघन जांच शुरू कर दी है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोनों युवकों के बीच किसी बात को लेकर पहले से ही कहासुनी हो रही थी। इसी बीच, जब पैदल चल रहे युवक ने स्कूटी सवार को रोकने के लिए स्कूटी को पीछे से पकड़ा, तो चालक ने रुकने के बजाय वाहन की रफ्तार बढ़ा दी। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह कोई सामान्य दुर्घटना नहीं थी, बल्कि चालक ने जानबूझकर स्कूटी भगाई, जिससे युवक सड़क पर काफी दूर तक बेरहमी से घिसटता चला गया। घटना के बाद आरोपी युवक को गंभीर रूप से घायल अवस्था में छोड़कर मौके से भाग निकला। स्थानीय लोगों ने तुरंत सदर पुलिस को घटना की सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायल को इलाज के लिए हमीरपुर मेडिकल कॉलेज पहुंचाया।

नशे और पैसों के लेन-देन का शक
स्थानीय लोगों और चश्मदीदों के अनुसार, दोनों युवक घटना से करीब एक घंटे पहले से ही इलाके के चक्कर काट रहे थे। उनके हाव-भाव से अंदेशा जताया जा रहा है कि यह विवाद नशे की खरीद-फरोख्त और पैसों के लेन-देन से जुड़ा हो सकता है। वहीं, घायल युवक ने भी प्रारंभिक तौर पर यह स्वीकार किया है कि उसने स्कूटी सवार को 500 रुपए दिए थे, जिसके बाद आरोपी पैसे लेकर भागने की फिराक में था। जानकारी के मुताबिक, आरोपी स्कूटी चालक देई दा नौण पंचायत के एक गांव का रहने वाला है। वहीं, घायल युवक इसी क्षेत्र में अपने परिवार के साथ किराए के मकान में रहकर पढ़ाई करता है।

हर एंगल से हो रही है जांच : एएसपी
घटना को लेकर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजेश उपाध्याय ने बताया कि पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना मिलते ही सदर थाना की टीम को तुरंत मौके पर भेज दिया गया था। शुरुआती जांच में दोनों युवकों के बीच आपसी विवाद की बात सामने आई है। एएसपी ने स्पष्ट किया कि पुलिस नशे के एंगल सहित मामले के हर पहलू की गहनता से छानबीन कर रही है। फरार आरोपी की तलाश की जा रही है और जल्द ही उसे पूछताछ के लिए हिरासत में लिया जाएगा।

हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News