Bilaspur News: मां नयना के दरबार में महिला से झपटे थे सोने के कंगन, पुलिस ने पटियाला से दबोचा मुख्य आरोपी
punjabkesari.in Saturday, Jul 04, 2026 - 06:19 PM (IST)
बिलासपुर (बंशीधर): विश्वविख्यात शक्तिपीठ श्री नयनादेवी मंदिर में दर्शनों के लिए आई एक महिला श्रद्धालु से सोने के कंगन झपटने के मामले को बिलासपुर पुलिस ने महज 4 दिनों के भीतर सुलझा लिया है। पुलिस ने इस वारदात को अंजाम देने वाले संगठित स्नैचिंग गिरोह के मुख्य आरोपी को पंजाब के पटियाला से गिरफ्तार कर लिया है। उसके कब्जे से छीने गए करीब 6.50 लाख रुपए के सोने के कंगन और वारदात में इस्तेमाल की गई कार भी बरामद कर ली गई है।
जानकारी के अनुसार बीते 28 जून को माता श्री नयनादेवी के दरबार में दर्शन करने पहुंची एक महिला के हाथों से 2 सोने के कंगन छीन लिए गए थे। इस घटना से श्रद्धालुओं में हड़कंप मच गया था। शिकायत मिलने के तुरंत बाद थाना कोट की पुलिस ने स्नैचिंग का मामला दर्ज किया और आरोपियों की धरपकड़ के लिए एक विशेष जांच टीम का गठन किया। टीम ने मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी फुटेज खंगालने शुरू किए। इसके साथ ही संदिग्ध वाहनों की आवाजाही का सत्यापन किया गया और कॉल डिटेल रिकॉर्ड समेत अन्य तकनीकी साक्ष्यों का वैज्ञानिक विश्लेषण किया गया। पुलिस की इसी हाईटैक जांच और कड़ियों को जोड़ने से इस शातिर स्नैचिंग गिरोह का पर्दाफाश हो गया।
तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर बिलासपुर पुलिस की टीम ने पंजाब में दबिश दी और गिरोह के मुख्य आरोपी हरिंद्र सिंह निवासी गांव रोहटी छन्ना, डाकघर रोटा, तहसील नाभा व जिला पटियाला को धर दबोचा। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर छीने गए 6.50 लाख रुपए के दोनों सोने के कंगन बरामद कर लिए हैं। इसके अलावा स्नैचिंग के लिए इस्तेमाल की गई स्विफ्ट कार को भी पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी को अदालत में पेश किया, जहां से उसे 4 दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि यह वारदात किसी एक व्यक्ति ने नहीं, बल्कि एक संगठित गिरोह ने की है। रिमांड के दौरान आरोपी से गिरोह के अन्य सदस्यों के बारे में सख्ती से पूछताछ की जाएगी और जल्द ही इस मामले में और गिरफ्तारियां होने की पूरी संभावना है।
श्रद्धालुओं की सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता : एसपी
इस बड़ी कामयाबी पर एसपी बिलासपुर अभिषेक धीमान ने कहा कि मंदिर में आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा और अपराधियों के खिलाफ तुरंत और सख्त कार्रवाई करना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने असामाजिक तत्वों को चेतावनी देते हुए कहा कि मंदिर क्षेत्र में सक्रिय ऐसे स्नैचिंग गिरोहों पर पुलिस आगे भी कड़ी निगरानी रखेगी।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें

