Bilaspur: नीट पेपर लीक मामले में NSUI का प्रदर्शन, केंद्र सरकार और शिक्षा मंत्री का फूंका पुतला
punjabkesari.in Thursday, May 14, 2026 - 02:59 PM (IST)
बिलासपुर (राम सिंह): नीट परीक्षा के पेपर लीक मामले को लेकर देशभर में सुलग रही छात्रों के आक्रोश की आग अब बिलासपुर भी पहुंच गई है। जिला एनएसयूआई ने इस धांधली के विरोध में राजकीय कॉलेज गेट के बाहर उग्र प्रदर्शन करते हुए केंद्र सरकार और केंद्रीय शिक्षा मंत्री का पुतला फूंका। यह धरना-प्रदर्शन एनएसयूआई के प्रदेश अध्यक्ष अभिनंदन ठाकुर टोनी, जिलाध्यक्ष नितिन चड्ढा और प्रदेश महासचिव ईशान ठाकुर के नेतृत्व में किया गया, जिसमें सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई।
युवाओं के भविष्य और शिक्षा व्यवस्था से खिलवाड़ का आरोप
प्रदर्शन के दौरान एनएसयूआई नेताओं ने केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार न केवल युवाओं के भविष्य के साथ सरेआम खिलवाड़ कर रही है, बल्कि देश की शिक्षा व्यवस्था को भी पूरी तरह से तहस-नहस कर रही है। छात्र नेताओं ने कहा कि नीट जैसी प्रतिष्ठित परीक्षा का पेपर लीक होने से लाखों विद्यार्थियों की कड़ी मेहनत पर पानी फिर गया है। शिक्षा के प्रति केंद्र सरकार की इस घोर लापरवाही से छात्रों का सिस्टम पर से विश्वास डगमगा रहा है, जिसे किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
उच्च स्तरीय जांच और दोषियों पर हो सख्त कार्रवाई: अभिनंदन ठाकुर
एनएसयूआई के प्रदेश अध्यक्ष अभिनंदन ठाकुर टोनी ने कहा कि उनका संगठन छात्रों के हितों की रक्षा और उनके भविष्य को सुरक्षित रखने के लिए अपना संघर्ष निरंतर जारी रखेगा। किसी भी छात्र के साथ अन्याय नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने सरकार से मांग की है कि इस पूरे पेपर लीक प्रकरण की उच्च स्तरीय जांच करवाई जाए और इसमें शामिल दोषियों के खिलाफ जल्द से जल्द सख्त कार्रवाई की जाए।
मांगें न मानने पर होगा उग्र आंदोलन: ईशान ठाकुर
प्रदेश महासचिव ईशान ठाकुर ने कहा कि इस घटना ने देश की पूरी शिक्षा प्रणाली पर गंभीर सवालिया निशान लगा दिए हैं। उन्होंने केंद्र सरकार को सीधी चेतावनी देते हुए कहा कि छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ कतई सहन नहीं होगा। जब तक दोषियों पर कार्रवाई नहीं होती, संगठन चुप नहीं बैठेगा। यदि केंद्र सरकार ने मामले की गंभीरता को नहीं समझा और ऐसी घटनाओं पर तुरंत अंकुश नहीं लगाया, तो प्रदेश एनएसयूआई एक बड़े संघर्ष की रूपरेखा तैयार कर उग्र आंदोलन करने से भी पीछे नहीं हटेगी। इस रोष प्रदर्शन में जिलाध्यक्ष नितिन चड्ढा और कैंपस अध्यक्ष जुनैद शेख के साथ-साथ भारी संख्या में छात्र और संगठन के अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।

