गणतंत्र दिवस परेड 2022 के लिए एनएसएस स्वयंसेवियों की चयन प्रक्रिया शुरू
punjabkesari.in Saturday, Sep 18, 2021 - 01:31 PM (IST)

ऊना (अमित शर्मा) : दिल्ली में आयोजित होने वाली गणतंत्र दिवस परेड 2022 के लिए राष्ट्रीय सेवा योजना द्वारा चयन प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इसी कड़ी के तहत आज पीजी काॅलेज ऊना में जिला स्तरीय चयन शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में जिला के विभिन्न काॅलेजों से चुनकर पहुंचे 22 छात्रों ने हिस्सा लिया जिनमें से चार स्वयंसेवियों का चयन कर राज्य स्तरीय चयन शिविर में भेजा जायेगा। राज्य स्तरीय चयन शिविर में टॉप करने वाले चार छात्रों को दिल्ली में होने वाली गणतंत्र दिवस परेड में हिस्सा लेने का मौका मिलेगा। पिछले साल दिल्ली में हुई गणतंत्र दिवस परेड में भी जिला ऊना से एनएसएस के दो स्वयंसेवियों ने हिस्सा लिया था।
राष्ट्र स्तर पर दिल्ली में आयोजित होने वाले 73 वें गणतंत्र दिवस के पूर्व एनएसएस स्वयंसेवकों का चयन शिविर आज राजकीय महाविद्यालय ऊना में आयोजित किया गया। शिविर का शुभारंभ महाविद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ त्रिलोक चंद ने किया। इस कैंप में जिला उना के 8 महाविद्यालयों के कुल 22 स्वयंसेवकों ने भाग लिया जिसमें 10 लड़के और 12 लड़कियां शामिल थी। यह सभी स्वंयसेवी अपने महाविद्यालय से चयनित होकर आज जिला स्तरीय चयन शिविर के लिए पहुंचे थे। वहीं जिला ऊना से चयनित कुल 4 स्वयंसेवी 28 सितंबर 2021 को एम.एल.एस.एम कॉलेज सुंदरनगर मंडी में आयोजित होने वाले राज्य स्तरीय चयन शिविर में भाग लेंगे। जहाँ पर प्रदेशभर से चार स्वयंसेवियों का चयन दिल्ली में आयोजित होने वाली गणतंत्र दिवस परेड के लिए किया जायेगा। पीजी कालेज ऊना के प्रधानाचार्य त्रिलोक चंद ने बताया कि पिछले वर्ष भी गणतंत्र दिवस परेड में प्रदेशभर से चयनित हुए चार स्वंयसेवियों में से ऊना लिया जिला के दो एनएसएस स्वयंसेवियों शामिल थे। त्रिलोक चंद ने कहा कि इस चयन शिविर में स्वयंसेवियों का शारीरिक, सांस्कृतिक और संचार कौशल के आधार पर चयन किया जायेगा।