अब हिमाचल का यह जिला बना हाईटैक सुरक्षा मॉडल, पुलिस की रहेगी पैनी नजर
punjabkesari.in Wednesday, Nov 19, 2025 - 12:21 PM (IST)
बिलासपुर, (बंशीधर) : बिलासपुर अब अत्याधुनिक तकनीक से लैस होकर प्रदेश में सुरक्षा के नए मानक स्थापित करने जा रहा है। शहर से लेकर मंडी-भराड़ी पुल तक पुलिस की चौकस नजर रहेगी और हर गतिविधि हाईटैक सी.सी.टी.वी. कैमरों के दायरे में होगी। पुलिस अधीक्षक कार्यालय में तैयार किया आधुनिक कमांड एंड कंट्रोल रूम सुरक्षा व्यवस्था को नई दिशा देगा, जहां से पूरा शहर 24 घंटे मॉनीटर किया जाएगा।
जानकारी के अनुसार कमांड एंड कंट्रोल रूम पूरी तरह तैयार है और इसका 21 नवम्बर को मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू द्वारा शुभारंभ किया जाएगा, जिसके बाद बिलासपुर हिमाचल का पहला शहर बन जाएगा, जो 100 फीसदी सी.सी.टी.वी. कवरेज वाला होगा। मंडी-भराड़ी पुल, बोटिंग जोन और संवेदनशील क्षेत्रों को भी कवरेज में शामिल किया जा रहा है। बता दें कि शहर के 85 प्रमुख स्थानों पर अत्याधुनिक 335 कैमरे लगाए गए हैं, जिसमें 295 सामान्य सी.सी.टी.वी., 31 ए.एन.पी.आर. (नंबर प्लेट रीडर) और 9 पी.टी. जैड कैमरे शामिल हैं।
ये कैमरे न केवल ट्रैफिक मॉनीटरिंग में मदद करेंगे, बल्कि नशा तस्करी, चोरी, झगड़े और चाइल्ड-वूमैन सेफ्टी पर भी पुलिस की तत्काल कार्रवाई संभव बनाएंगे। इस योजना पर करीब 2 करोड़ 63 लाख रुपए खर्च किए गए हैं। इसके अतिरिक्त घुमारवीं में इस योजना के तहत एक करोड़ 75 लाख रुपए खर्च किए जा रहे हैं।
घुमारवीं में इस योजना का 60 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है और जल्द ही घुमारवीं भी पूरी तरह सी.सी.टी.वी. नैटवर्क से जुड़ जाएगा। एस.पी. कार्यालय में बनाए गए कमांड रूम में बिलासपुर शहर के साथ-साथ घुमारवीं और फोरलेन मार्ग की निगरानी के लिए बड़ी एल.ई.डी. स्क्रीन लगाई गई हैं। इस रूम में 6 प्रशिक्षित कर्मी चौबीसों घंटे ड्यूटी देंगे।
संदीप धवल, एस. पी. बिलासपुर का कहना है कि बिलासपुर के बाद घुमारवीं शहर को भी सी.सी.टी.वी. कैमरों से लैस करने की योजना है। इस व्यवस्था से पुलिस को अपराध नियंत्रण, नशा तस्करी, यातायात उल्लंघन और चोरी की घटनाओं पर तुरंत कार्रवाई करने में बड़ी मदद मिलेगी।
योजना के तहत बिलासपुर शहर का ट्रायल सफल रहा है। 21 नवम्बर को मुख्यमंत्री इसका शुभारंभ करेंगे। इस व्यवस्था से पुलिस को अपराध नियंत्रण में बेहद सहायता मिलेगी।

