हिमाचल: वाहन पंजीकरण फर्जीवाड़ा! ट्रांसफर हुए तीनों ट्रक रहस्यमयी तरीके से गायब, पुलिस की रडार पर दिल्ली का सर्वर

punjabkesari.in Friday, Feb 20, 2026 - 12:52 PM (IST)

हिमाचल डेस्क: हिमाचल प्रदेश के सोलन पंजीकरण एवं लाइसेंसिंग प्राधिकरण (RLA) में हुए वाहन पंजीकरण घोटाले की जांच अब एक पेचीदा मोड़ पर पहुंच गई है। मामले में अवैध रूप से पंजीकृत किए गए तीन मुख्य ट्रक रहस्यमयी तरीके से गायब हो गए हैं। पुलिस को न तो सोलन में और न ही बिलासपुर के झंडूता में इनका कोई सुराग मिला है। अब पुलिस को अंदेशा है कि इन ट्रकों को उत्तर प्रदेश (UP) में कहीं छिपा दिया गया है।

दिल्ली के सर्वर में छिपा है मास्टरमाइंड का राज

इस फर्जीवाड़े की जांच में सबसे बड़ी बाधा तकनीक बनी हुई है। पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि जिस फर्जी आईडी के जरिए इन ट्रकों का पंजीकरण किया गया, उसका मुख्य सर्वर दिल्ली में स्थित है। सोलन पुलिस ने अब दिल्ली पुलिस से संपर्क साधकर उन IP एड्रेस की जानकारी मांगी है, जहां से ये फर्जी आईडियां ऑपरेट की जा रही थीं। पुलिस का मानना है कि IP एड्रेस मिलते ही इस पूरे सिंडिकेट के मास्टरमाइंड तक पहुंचा जा सकेगा।

ऐसे हुआ 'शामती' के पते पर फर्जी खेल

घोटाले की कार्यप्रणाली बेहद शातिर थी। आरएलए के एक क्लर्क के नाम पर दो फर्जी आईडिया तैयार की गईं। बिना किसी MVI (मोटर वाहन निरीक्षक) वेरिफिकेशन के उत्तर प्रदेश के तीन ट्रकों को सोलन के शामती गांव के फर्जी पते पर पंजीकृत कर दिया गया।मामले का भंडाफोड़ तब हुआ जब झंडूता (बिलासपुर) के MVI ने परमिट जारी करने से पहले सोलन प्रशासन से वेरिफिकेशन रिपोर्ट मांगी। इस मामले की गंभीरता को देखते हुए बिलासपुर में तैनात मुख्य आरोपी क्लर्क को पहले ही निलंबित किया जा चुका है। एसडीएम सोलन की प्रारंभिक जांच में कार्यालय के रिकॉर्ड में इन ट्रकों का कोई आधिकारिक विवरण नहीं मिला, जिसके बाद पुलिस में प्राथमिकी दर्ज करवाई गई थी।

एसपी सोलन का आधिकारिक बयान

सोलन पुलिस अधीक्षक टी. साई दतात्रेय वर्मा, "RLA सोलन में फर्जी तरीके से पंजीकृत किए गए तीनों ट्रक झंडूता में नहीं मिले हैं। पुलिस को संदेह है कि इन्हें उत्तर प्रदेश की सीमाओं में कहीं गायब कर दिया गया है। हमारी टीमें लगातार इन वाहनों को ट्रेस कर रही हैं और दिल्ली से तकनीकी साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।"


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Swati Sharma

Related News